नए साल से पहले शिमला में फूड डिलीवरी बॉय ने की खुदकुशी, कमरे के बाहर चिल्लाता रह गया छोटा भाई
झारखंड के रहने वाले एक युवक ने नए साल से पहले शिमला में अपनी जान दे दी है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : December 31, 2025 at 9:38 PM IST
शिमला: नए साल से पहले शिमला में एक युवक की खुदकुशी से सनसनी फैल गई है. शिमला में फूड डिलीवरी का काम करने वाले एक युवक ने कथित तौर आत्महत्या कर ली. युवक को गंभीर हालत में आईजीएमसी शिमला लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने बालूगंज थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
शिमला में फूड डिलीवरी बॉय ने की खुदकुशी
बालूगंज थाना पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 23 वर्षीय अमन उन्नाव पुत्र वीरेंद्र उन्नाव के रूप में हुई है. अमन (उम्र 23 वर्ष ) मूल रूप से झारखंड का रहने वाला था और वर्तमान में अपने माता-पिता और छोटे भाई के साथ कोमली बैंक के पास रह रहा था. वह निजी कंपनी में फूड डिलीवरी का काम करता था. युवक ने खुदकुशी क्यों की अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है.
छोटे भाई और माता-पिता के साथ शिमला में रह रहा था अमन
परिजनों के अनुसार, घटना के दिन सुबह से ही अमन मोबाइल फोन पर किसी से लगातार बात कर रहा था. इसी बीच उसके माता-पिता घर से बाहर चले गए थे, जबकि उसका छोटा भाई मनीष घर पर मौजूद था. सुबह करीब 7.45 बजे मनीष ने अमन को उल्टियां करते हुए देखा तो वह फौरन अपनी मां को बुलाने चला गया. कुछ देर बाद जब युवक अमन की मां और मनीश घर लौटे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था और वह बदहवास पड़ा हुआ था. ऐसे में परिवार ने आसपास के लोगों और अमन के पिता को सूचना दी और उसे तुरंत आईजीएमसी शिमला ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
'झारखंड की रहने वाली लड़की से कुछ दिनों से चल रहा था विवाद'
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम आईजीएमसी के शवगृह में पहुंची और शव की फोटोग्राफी करवाई और बाहरी निरीक्षण किया. इसमें अमन की गर्दन पर फांसी के निशान पाए गए. मृतक के माता-पिता और भाई के बयान दर्ज किए गए. जांच में सामने आया है कि, अमन पिछले कुछ दिनों से झारखंड में रहने वाली एक लड़की से फोन पर बातचीत कर रहा था और दोनों के बीच कई दिनों से फोन पर झगड़ा चल रहा था. माना जा रहा है कि इसी तनाव के चलते अमन ने खुदकुशी की.
घटनास्थल से साक्ष्य जुटा कर जांच में जुटी पुलिस
एसपी शिमला संजीव गांधी ने बताया कि, "परिजनों ने किसी पर कोई शक या संदेह नहीं जताया है. पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम आईजीएमसी शिमला में करवाया और बिसरा सुरक्षित रखा गया है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया है. पुलिस ने घटनास्थल का भी निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए गए हैं. मामले में बीएनएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई की जा रही है."
ये भी पढ़ें: 15 साल की बच्ची से रेप के आरोपी को कोर्ट ने सुनाई इतने साल की सजा, ट्रक में किया था दुष्कर्म
ये भी पढ़ें: सुंदरनगर में होटल मालिक को चाकू मारकर किया घायल, किन्नर समेत चार आरोपी फरार, जांच जारी

