होली को लेकर झारखंड पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने सभी जिलों के लिए जारी किया अलर्ट, दिए कई महत्वपूर्ण सुझाव और निर्देश
होली को लेकर झारखंड पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने अलर्ट जारी किया है.

Published : February 28, 2026 at 6:29 PM IST
रिपोर्ट-प्रशांत कुमार
रांची: झारखंड पुलिस की स्पेशल ब्रांच में होली पर्व को लेकर सभी जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है. स्पेशल ब्रांच के द्वारा जारी किए गए अलर्ट में होली के दौरान पूर्व में हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए सभी जिलों के डीसी और एसएसपी/एसपी को विशेष एहतियात बरतने के निर्देश दिए हैं.
रमजान को लेकर होली में सतर्क रहें
स्पेशल ब्रांच ने होली को लेकर पूरे राज्य में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश जारी किया है. राज्य के सभी डीसी, एससपी और एसपी को भेजे गए पत्र में स्पेशल ब्रांच के द्वारा यह बताया गया है कि होली का त्योहार इस वर्ष 4 मार्च को मनाया जाएगा. इसके पूर्व 3 मार्च को होलिका दहन होगा. होली के दौरान दूसरे संप्रदाय के लोगों को रंग, अबीर लगाने तथा उनके धार्मिक स्थलों पर रंग-अबीर पड़ने से तनाव के आशंका बनी रहती है.
स्पेशल ब्रांच के पत्र में यह बताया गया कि वर्तमान समय में मुस्लिम समुदाय का रमजान का माह चल रहा है. जिसमें संध्या के समय इफ्तार खोला जाता है. होली पर्व के अवसर पर संध्या के समय होली मिलन आयोजित किया जाता है. इस दौरान तनाव उत्पन्न होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है. इस दौरान आसामाजिक तत्वों के द्वारा दूसरे समुदाय के लोगों पर रंग-अबीर डालकर सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने का प्रयास किया जा सकता है. ऐसे में राज्य की सांप्रदायिक संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए त्योहार के दौरान विशेष सतर्कता और निगरानी रखने की आवश्यकता है.
पूर्व की घटनाओं का किया गया जिक्र
स्पेशल ब्रांच के पत्र में झारखंड के विभिन्न जिलों में होली पर्व के अवसर पर पूर्व में हुए विवाद और घटनाओं की जानकारी भी सभी जिलों के पुलिस के साथ साझा की गई है. रांची के डोरंडा, जगन्नाथपुर, अरगोड़ा और पुंदाग में हुए पूर्व की घटनाओं का जिक्र किया गया है, ताकि ऐसी घटनाएं इस बार होली पर न हो. इसके अलावा झारखंड के हजारीबाग, रामगढ़, चतरा, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद चाईबासा, पलामू, जामताड़ा और साहिबगंज के विभिन्न थानों में दर्ज ऐसे कांड जो होली के समय दर्ज किए गए थे उनका पूरा विश्लेषण देकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश स्पेशल ब्रांच के द्वारा जिला पुलिस को दिया गया है.
इन बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश
- होली के अवसर पर होली मिलन समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन की विवरणी आयोजनकर्ता के नाम के साथ रखें, भीड़ इत्यादि से संबंधित विवरणी भी प्राप्त करें.
- होलिका दहन के आयोजन से संबंधित विवरणी रखें.
- सांप्रदायिक दृष्टिकोण से संवेदनशील स्थानों, विवादित क्षेत्रों में होली के अवसर पर विशेष निगरानी रखने की आवश्यकता है.
- होली के अवसर पर जबरदस्ती रंग-अबीर डालने से विवाद उत्पन्न हो जाता है, उसके रोकथाम के उपायों पर अमल करें.
- विधि-व्यवस्था बिगड़ने पर क्या करेंगे इसका मूल्यांकन करें और मुकम्मल तैयारी रखें.
- वैसे असामाजिक तत्वों की सूची तैयार करें और उनपर नजर रखें जो पूर्व में विधि-विरुद्ध कार्यों में संलिप्त रहे हो और त्योहार के दौरान गड़बड़ी कर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया हो.
- होलिका दहन और होली पर्व के अवसर पर विगत 5 वर्षों (2021-2025 तक) में हुई घटनाओं और सांप्रदायिक घटनाओं से संबंधित विवरणी तैयार करें.
- पूर्व में होली पर्व के अवसर पर लाउडस्पीकर और डीजे बजाने को लेकर उत्पन्न हुए विवाद का ब्योरा इकट्ठा करें.
- अवैध शराब, मादक पदार्थों की बिक्री के स्थान और विक्रेता का नाम-पता के साथ सूची तैयार करें.
- अवैध वधशाला और उसके संचालकों पर नजर रखें.
- वैसे व्हाट्सएप ग्रुप, फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया ग्रुप जो किसी विशेष संप्रदाय, धर्म, जाति की भावनाओं को आहत करने वाली टिप्पणियों करते हैं और नफरत फैलाते हैं उनके एडमिन का नाम और मोबाइल नंबर इकट्ठा करें.
- होली के अवसर पर भ्रमण करने वाले गणमान्य व्यक्तियों की सूचना एकत्रित करें.
- सभी जिलों में थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक आयोजित करें.
होली पर विधि-व्यवस्था संधारण हेतु सुझाव
- होली पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण के लिए पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति और सघन गश्ती अपेक्षित है. साथ ही पुलिस बलों की ड्यूटी त्योहार समाप्ति तक सुनिश्चित की जाए.
- होली के अवसर पर प्रशासन की ओर से जिलास्तर और थानास्तर पर शांति समिति की बैठक करें और बैठक में आई समस्याओं का समाधान समय रहते कर लें. साथ ही सभी लोगों से शांतिपूर्ण रूप से त्योहार मनाने एवं विधि-व्यवस्था संधारण में प्रशासन का सहयोग करने की अपील करें.
- होलिका दहन के अवसर पर पूर्व के विवाद और आपसी मतभेद को लेकर होलिका दहन स्थल अथवा आसपास के क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों द्वारा झोपड़ीनुमा घरों, दुकानों, गुमटी आदि में आग लगाकर विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न कर सकते हैं, इसपर निगरानी रखने की आवश्यकता है.
- त्योहार के दिन शराबबंदी के कारण अवैध और नकली शराब, प्रतिबंधित नशा सामग्री की ब्रिकी बढ़ जाती है. इसके सेवन से कई बार होली के दौरान लोगों की मृत्यु तक हो जाती है. इसलिए अविलंब अभियान सुनिश्चित कर अवैध नकली शराब, प्रतिबंधित नशा सामग्री बरामदगी एवं विक्रेता पर विधि-सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करें.
- पशु तस्करी, पशुवध एवं प्रतिबंधित मांस की बिक्री, परिवहन पर रोक लगाएं.
- असामाजिक तत्वों द्वारा नशे में असुरक्षित एवं तेज वाहन चलाया जाता है. इसपर निगरानी रखने एवं निरोधात्मक कार्रवाई करने की आवश्यकता है.
ये भी पढ़ें-
होली पर पुलिसवालों को नहीं मिलेगी छुट्टी, झारखंड पुलिस मुख्यालय ने जारी किया निर्देश
झारखंड पुलिस मुख्यालय ने जारी किए निर्देश, पेंडिंग जन शिकायतों पर करें त्वरित कार्रवाई

