13 को घर में चोरी, 20 को मर्डर.. झारखंड के हवलदार की बिहार के आरा में बेरहमी से हत्या
छुट्टी पर आए झारखंड के हवलदार की आरा में हत्या कर दी गई. पुलिस पूरे मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है-


Published : December 20, 2025 at 1:21 PM IST
भोजपुर : बिहार के आरा में छुट्टी पर आए झारखंड पुलिस के हवलदार की उनके घर में निर्मम हत्या कर दी गई. मृतक हवलदार का नाम पशुपतिनाथ तिवारी था जो कि झारखंड के हजारीबाग में परिवार के साथ रहते थे. लेकिन अपने आरा के भगवतपुर स्थित पैतृक घर में चोरी की घटना की वजह से वह अपने पैतृक निवास पर पहुंचे लेकिन इसी बीच उनकी बेरहमी से हत्या हो गई.
छुट्टी पर आए हवलदार की हत्या : मृतक पशुपतिनाथ तिवारी छुट्टी पर आए थे और वह जनवरी 2026 में रिटायर होने वाले थे. मिली जानकारी के मुताबिक 13 दिसंबर को पशुपतिनाथ तिवारी के पैतृक घर में चोरी की घटना हुई थी, जिसकी सूचना स्थानीय लोगों ने उन्हें फोन पर दी थी. इसके बाद 14 दिसंबर को वह अपने परिवार के साथ गांव पहुंचे और चांदी थाना में चोरी को लेकर आवेदन भी दिया था.

देर रात तक चली थी पार्टी : बताया जा रहा है कि बीती रात उन्होंने अपने घर के परिसर में दोस्तों के साथ पार्टी की थी. पार्टी देर रात तक चलती रही. इसी दौरान उनकी पत्नी उन्हें सोने के लिए कहकर खुद सोने चली गईं, जबकि पशुपतिनाथ तिवारी पार्टी खत्म होने के बाद दूसरे कमरे में सोने चले गए.
धारदार हथियार से हुई वारदात : सुबह करीब 4:30 बजे जब पत्नी की नींद खुली तो उन्होंने पति को न पाकर उनकी तलाश शुरू की. दूसरे कमरे में पहुंचने पर पति का खून से लथपथ शव पलंग पर पड़ा देख वह स्तब्ध रह गईं. शव पर धारदार हथियार से किए गए हमले के गहरे निशान थे. गर्दन और पेट पर गंभीर जख्म पाए गए, वहीं दाहिने हाथ का अंगूठा भी कटा हुआ था.
''पशुपतिनाथ तिवारी की गला रेतकर हत्या की गई है. मामला पूरी तरह संदिग्ध है. परिजनों की ओर से अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है. पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.''- रंजीत कुमार सिंह, सदर एसडीपीओ-2
FSL और डीआईयू कर रही जांच : घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. इसके बाद चांदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल व डीआईयू की टीम को बुलाकर जांच शुरू कर दी. पुलिस इस घटना को पूरी तरह से संदिग्ध मानकर जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें-

