महिला थाना प्रभारी से अभद्रता पर झारखंड पुलिस एसोसिएशन का आक्रोश, तीन दिनों तक काला बिल्ला लगाकर करेंगे विरोध
डोरंडा पुलिस स्टेशन इंचार्ज दीपिका प्रसाद के साथ हुए बुरे बर्ताव के खिलाफ झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने विरोध प्रदर्शन करने का फैसला किया है.

Published : February 28, 2026 at 10:11 AM IST
रांचीः झारखंड पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है. डोरंडा थाना प्रभारी दीपिका प्रसाद के साथ हुए अभद्रता को लेकर पुलिस फोर्स आंदोलन का मन बना चुकी है. अगले तीन दिनों तक रांची पुलिस के अफसर और कर्मी काला बिल्ला लगा कर कानून व्यवस्था सम्भालेंगे.
आंदोलन शुरू
झारखंड पुलिस एसोसिएशन की रांची जिला शाखा ने रांची के डोरंडा थाना प्रभारी दीपिका प्रसाद के साथ झारखंड उच्च न्यायालय परिसर में हुई अभद्रता की कड़ी निंदा की है, विरोध में एसोसिएशन ने फैसला लिया है कि रांची जिले के सभी पुलिसकर्मी अगले तीन दिनों तक काला बिल्ला लगाकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे. इस सम्बन्ध में पुलिस एसोसिएशन ने प्रेस रिलीज जारी कर आंदोलन की जानकारी दी है.
क्या है पूरा मामला
झारखंड उच्च न्यायालय के अधिवक्ता मनोज टंडन पर आरोप है कि उन्होंने अपनी कार के बोनट पर एक व्यक्ति को घसीटा था, इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज की और वाहन को जब्त कर लिया.
पुलिस बल के लिए 'कठपुतली' जैसे शब्दों का प्रयोग
पुलिस एसोसिएशन के अनुसार, अधिवक्ता पक्ष ने जब्त वाहन को अनैतिक तरीके से मुक्त कराने के लिए थाना प्रभारी पर लगातार दबाव बनाया. जब मामला कोर्ट पहुंचा, वहां भी न्यायालय को गुमराह करने का प्रयास किया गया. इसी दौरान जब डोरंडा थाना प्रभारी दीपिका प्रसाद झारखंड हाईकोर्ट पहुंची तब झारखंड उच्च न्यायालय परिसर में प्रदर्शनकारी अधिवक्ताओं ने महिला थाना प्रभारी दीपिका प्रसाद को जबरन घेर लिया, एसोसिएशन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि अधिवक्ताओं ने न केवल उन्हें घेरा, बल्कि वर्दी उतारने और जेल भेज देने की धमकियां भी दीं. साथ ही, पुलिस बल को 'कठपुतली' जैसे अपमानजनक शब्दों प्रयोग किए गए.
विरोध का फैसला लिया गया
एसोसिएशन ने इसे न्यायालय जैसी गरिमामयी जगह पर महिला अधिकारी के प्रति अकल्पनीय आचरण करार दिया, जो पूरे पुलिस समाज को हतप्रभ करने वाला है. इस घटना के बाद झारखंड पुलिस एसोसिएशन रांची जिला शाखा ने आकस्मिक बैठक बुलाई, जिसमें सर्वसम्मति से विरोध का फैसला लिया गया. तय हुआ की रांची जिले के सभी पुलिसकर्मी 28 फरवरी से 2 मार्च तक काला बिल्ला लगाकर ड्यूटी करेंगे.
शुक्रवार को अधिवक्ता की कार को रिलीज किया गया
वहीं दूसरी तरफ शुक्रवार की देर शाम अधिवक्ता की जब्त कार को डोरंडा थाने से आवश्यक कागजी कार्रवाई करने के बाद छोड़ दिया गया गया.
यह भी पढ़ें:
अधिवक्ता मनोज टंडन के खिलाफ जांच पर रोक, PFI लिंक की जांच का आदेश
अधिवक्ता मनोज टंडन बने झारखंड विधानसभा के वकील, अब हाई कोर्ट में विधानसभा का रखेंगे पक्ष

