ETV Bharat / state

झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने दिया अल्टीमेटम, कहा-पांच दिनों के अंदर जयराम महतो की हो गिरफ्तारी, वरना करेंगे आंदोलन

झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने विधायक जयराम महतो की गिरफ्तारी की मांग की है. प्रशांत कुमार की रिपोर्ट.

Police unite against Dumri MLA
बैठक के दौरान झारखंड पुलिस एसोसिएशन के सदस्य. (फोटो-ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : August 26, 2026 at 4:45 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

रांचीः धनबाद के बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के साथ कथित तौर पर फोन पर गाली-गलौज और धमकी दिए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है. झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने डुमरी विधायक जयराम महतो के खिलाफ दर्ज मामले में शीघ्र कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है. एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि पांच दिनों के भीतर गिरफ्तारी नहीं हुई तो राज्यभर के पुलिसकर्मी आंदोलन करेंगे.

पांच दिन का दिया अल्टीमेटम

झारखंड पुलिस एसोसिएशन की ओर से कहा गया है कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं होती है तो राज्यभर के पुलिस पदाधिकारी और पुलिसकर्मी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे. एसोसिएशन की धनबाद शाखा ने घटना के विरोध में पुलिसकर्मियों द्वारा काला बिल्ला लगाकर ड्यूटी करने और अपने कर्तव्य पर नहीं लौटने के निर्णय के लिए संगठन से अनुमति मांगी है.

एसोसिएशन ने सरकार और पुलिस प्रशासन से मामले में तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है. साथ ही कहा है कि यदि पांच दिनों के भीतर विधायक जयराम महतो व अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित नहीं की जाती है, तो राज्य के सभी शाखा पदाधिकारी और सदस्य सामूहिक रूप से आंदोलन करेंगे.

आंदोलन की दी चेतावनी

झारखंड पुलिस एसोसिएशन के केंद्रीय अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू ने बताया कि 25 अगस्त को धनबाद पुलिस एसोसिएशन, शाखा-धनबाद के पत्र के माध्यम से घटना की जानकारी मिली कि 21 अगस्त की रात बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार को जयराम महतो ने फोन कर कथित रूप से धमकी दी कि उनका तबादला कराने के बावजूद वह राज्य के जिस थाने में रहेंगे, वहां उनकी नौकरी बर्बाद कर दी जाएगी.

एसोसिएशन का आरोप है कि इसके बाद देर रात विधायक अपने समर्थकों के साथ थाना पहुंचे और थाना प्रभारी के टेबुल पर रखे सामान को इधर-उधर कर दिया गया. पुलिस एसोसिएशन ने इसे पुलिस पदाधिकारी के सम्मान और गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य बताया है.

इन धाराओं में प्राथमिकी दर्ज

पुलिस एसोसिएशन के मुताबिक, घटना को लेकर बरवाअड्डा थाना कांड संख्या 146/26, दिनांक 22 अगस्त 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 221, 224, 132, 351(2), 352 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है. इसमें विधायक जयराम महतो समेत करीब 10 लोगों को आरोपी बनाया गया है. एसोसिएशन का कहना है कि मामले में अभी तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है. संगठन ने पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों के सम्मान और गरिमा की रक्षा को अपना दायित्व बताते हुए आरोपियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की मांग की है.

सोशल मीडिया वीडियो पर भी जताई आपत्ति

एसोसिएशन ने विधायक जयराम महतो की ओर से लगातार सोशल मीडिया और प्रेस के माध्यम से पुलिसकर्मियों के खिलाफ बयानबाजी किए जाने पर भी आपत्ति जताई है. पुलिस संगठन के अनुसार विधायक की ओर से पुलिसकर्मियों के प्रति आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए वीडियो जारी किए जा रहे हैं.

संगठन की ओर से कहा गया है कि इससे पुलिस पदाधिकारियों और कर्मचारियों के सम्मान और गरिमा को ठेस पहुंच रही है. एसोसिएशन ने यह भी आरोप लगाया कि विधायक की ओर से बरवाअड्डा थाना प्रभारी को ऑफ ड्यूटी पीटने की बात कही गई है. संगठन ने आशंका जताई है कि ऐसी बयानबाजी से थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों के जान-माल को नुकसान पहुंच सकता है.

ये भी पढ़ें-

जयराम महतो-पुलिस विवाद में बाबूलाल मरांडी की एंट्री, बोले- मर्यादा सिर्फ जनप्रतिनिधियों के लिए क्यों?

जयराम महतो के थाना प्रभारी को गालियां देने पर पुलिस एसोसिएशन सख्त, सार्वजनिक माफी की मांग, विधायक ने भी दी सफाई

विधायक जयराम महतो समेत 10 के खिलाफ नामजद FIR, सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप