बिहार में झारखंड के कारोबारी की निर्मम हत्या, पुलिस हिरासत में बिजनेस पार्टनर
बोधगया में सूअर फार्म संचालक की हत्या कर दी गई. झारखंड निवासी कारोबारी को रॉड और लाठी से पीट-पीटकर मारा गया है. पढ़ें पूरी खबर-

Published : January 10, 2026 at 8:19 AM IST
गया: बिहार के गया जिले के बोधगया थाना क्षेत्र में एक सुनसान जगह पर सूअर फार्म संचालक की लाश मिलने से हड़कंप मच गया है. मृतक की पहचान झारखंड के हंटरगंज थाना अंतर्गत गढ़वाली गांव निवासी 34 वर्षीय राजू रंजन उर्फ शिवकुमार पासवान के रूप में हुई है. शुक्रवार की सुबह दक्षिणी कटोरवा इलाके में उनका शव बरामद किया गया, जिसके शरीर पर रॉड, लाठी, ईंट और पत्थर से किए गए गंभीर प्रहार के निशान थे.
कारोबारी की निर्मम हत्या: मृतक के भाई ने बताया कि हत्या का कारण सूअर पालन व्यवसाय से जुड़ा विवाद हो सकता है. राजू रंजन पिछले कुछ वर्षों से बोधगया के दक्षिणी कटोरवा में सूअर फार्म चला रहे थे. इस कारोबार में उनका पार्टनर वैशाली जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के करहरी गांव निवासी अनिल कुमार सिंह था. दोनों के बीच व्यवसाय को लेकर लंबे समय से मतभेद चल रहे थे, जिसके चलते यह घटना हुई मानी जा रही है.
गुरुवार से लापता, मोबाइल स्विच ऑफ: भाई ने बताया कि गुरुवार की संध्या से राजू रंजन अचानक लापता हो गए थे. उनका मोबाइल फोन लगातार स्विच ऑफ आ रहा था, जिससे परिवार परेशान हो गया. तरह-तरह की आशंकाएं जताई जा रही थी. शुक्रवार सुबह सूअर फार्म के पास सुनसान स्थान पर उनका शव पड़ा मिला, जिसकी सूचना ग्रामीणों ने तुरंत बोधगया थाने को दी.
"मेरे भाई राजू रंजन पिछले चार वर्षों से दक्षिणी कटोरवा में किराए की चहारदीवारी लेकर सूअर फार्म का संचालन कर रहा था. वह अपने परिवार के साथ महुआबाद में डेरा लेकर रहता था. लेकिन काम बढ़ जाने पर दो साल से अनिल कुमार सिंह को पार्टनर रखकर काम कर रहा था. दोनों के बीच व्यवसायिक विवाद चल रहा था. हमें पूरा शक है कि इस हत्या के पीछे उसका बिजनेस पार्टनर ही है. हम न्याय की मांग करते हैं."- भाई राजकुमार पासवान
पुलिस ने पार्टनर को हिरासत में लिया: घटना की सूचना मिलते ही बोधगया थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची. शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया. पुलिस ने फोरेंसिक टीम और टेक्निकल सेल की मदद से जांच शुरू कर दी है। इस मामले में मृतक के बिजनेस पार्टनर अनिल कुमार सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
परिजनों ने दर्ज कराई प्राथमिकी: मृतक के भाई राजकुमार पासवान ने बोधगया थाने में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है. परिजनों में गहरा शोक है और वे न्याय की मांग कर रहे हैं. पुलिस ने मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा किया है.
क्या कहती है पुलिस: बोधगया थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि जांच के सभी पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है और दोषियों को जल्द सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा. फिलहाल बिजनेस पार्टनर से पूछताछ की जा रही है.
"सूअर फार्म का संचालन करने वाले कारोबारी की हत्या का मामला सामने आया है. फिलहाल इस मामले में एक को हिरासत में लिया गया है. पुलिस पूछताछ करते हुए अग्रतर कार्रवाई कर रही है."-मनोज कुमार सिंह, थानाध्यक्ष, बोधगया
ये भी पढ़ें-
गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला पटना! कुख्यात अमन शुक्ला की हत्या, पत्नी-बच्चे के सामने गोलियों से भूना
पटना में शिक्षक की हत्या, अपराधियों ने सीने में 3 से 4 गोली मारी

