ETV Bharat / state

विजन 2050 को गति देने में जुटी हेमंत सरकार, 'नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन' का आयोजन

नेशनल स्टेक होल्डर्स कंसल्टेशन को लेकर प्रदेश आईटी और उद्योग सचिव ने सीएम से मुलाकात की.

Jharkhand IT and Industry Secretary met CM regarding National Stakeholder Consultation program
आईटी एवं उद्योग विभाग के सचिव के साथ सीएम की मुलाकात (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : July 2, 2026 at 9:47 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

रांचीः झारखंड सरकार के द्वारा आगामी 08 एवं 09 जुलाई को नई दिल्ली में नेशनल स्टेक होल्डर्स कंसल्टेशन का आयोजन होगा. इस सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन होंगे.

इस कार्यक्रम को लेकर आज गुरुवार को झारखंड मंत्रालय में सचिव आईटी विभाग पूजा सिंघल एवं सचिव उद्योग विभाग अरवा राजकमल ने सीएम से शिष्टाचार मुलाकात की. इस अवसर पर मुख्यमंत्री को अधिकारियों ने आगामी 08 एवं 09 जुलाई 2026 को नई दिल्ली में आयोजित "राष्ट्रीय परामर्श सम्मेलन (नेशनल स्टेक होल्डर्स कंसल्टेशन)" में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित किया. इस मौके पर विशेष सचिव, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग राजीव लोचन बक्शी भी मौजूद रहे.

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अगुवाई में होने वाले इस दो दिवसीय कार्यक्रम में राज्य के औद्योगिक, तकनीकी और पर्यटन विकास का रोडमैप खींचा जाएगा. दो दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में देश-विदेश के कई बड़े नीति निर्धारक, निवेशक और तकनीकी विशेषज्ञ शामिल हो रहे हैं.

इस दौरान उद्योग जगत के हितधारकों से महत्वपूर्ण सुझाव एवं प्रतिक्रिया आमंत्रित करने के लिए तीनों विभागों से जुड़े विभिन्न नीतियों जैसे Jharkhand AI Policy, Jharkhand Investment Promotion Policy, Jharkhand Tourism Policy, Jharkhand Textile Policy, JIADA Regulations, PPP Policy का कांसेप्ट पेपर, सहित अन्य नीतियां प्रारूप के तौर पर जारी की जाएंगी.

यह कार्यक्रम बदलते परिवेश को देखते हुए झारखंड में आईटी, आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, डिजिटल गवर्नेंस, औद्योगिक विकास और पर्यटन के क्षेत्र में संभावनाओं को आगे बढ़ाने तथा "एक्सप्लोर इंफिनाइट अपॉर्चुनिटीज" के दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में एक बड़ा कदम है. सरकार का मानना है कि इस आयोजन से न केवल झारखण्ड में निवेश आएगा, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे.

झारखंज विजन 2050 ी सोच के साथ होगा आयोजन

यह आयोजन विश्व आर्थिक मंच (WEF), दावोस में राज्य की पहली बार हुई मौजूदगी और उससे निकले परिणाम को मजबूत करने तथा राज्य में वैश्विक निवेश को गति देने, राज्य की कोर थीम "एक्सप्लोर इंफिनाइट अपॉर्चुनिटीज" को धरातल पर उतारने और 'झारखंड विजन 2050' के दीर्घकालिक लक्ष्यों को पूरा करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है.

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से मिली जानकारी के अनुसार कार्यक्रम के पहले दिन के पहले सत्र में 'डिजिटल गवर्नेंस और आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर' पर गहन चर्चा होगी. इसमें देश के शीर्ष आईटी विशेषज्ञ और सरकारी नीति निर्माता झारखण्ड में आधुनिक आईटी, आईटी पार्क, एआई और डिजिटल गवर्नेंस से जुड़े निवेश तथा साझेदारी को तलाशने पर विचार-विमर्श करेंगे. इसके बाद सरकार और आईटी, एआई और डिजिटल गवर्नेंस से जुड़े व्यापारिक प्रतिनिधियों के बीच (B2G) सीधी बातचीत होगी.

पहले दिन का समापन 'झारखंड में एआई (AI) भविष्य को आकार देना' विषय पर केंद्रित विशेष सत्र से होगा, जहां राज्य के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की नीति प्रारूप पर चर्चा होगी और एआई क्षेत्र की संभावनाओं पर जोर रहेगा. इस बीच आईटी विभाग और कंपनियों के बीच कुछ MoU भी हस्ताक्षर किया जाएगा.

दूसरे दिन के सत्रों में इन्वेस्टमेंट एंड इन्क्लूसिव डेवलपमेंट और टूरिज्म' पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा. इसके तहत निवेशकों के समक्ष राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक और प्राकृतिक पर्यटन क्षमताओं को प्रदर्शित कर निवेश आकर्षित किया जाएगा. इस सत्र के उपरांत 'औद्योगिक प्रोत्साहन और निवेश' पर विशेष स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन होगा, जिसमें नए उद्योगों की स्थापना पर चर्चा होगी.

इस चर्चा के बाद कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण सत्र भी होगा, जिसमें राज्य के विकास को गति देने के लिए कई बड़े औद्योगिक घरानों के साथ एमओयू (MoU) साइन किए जाएंगे. साथ ही झारखंड सरकार की नई दूरदर्शी नीतियों के ड्राफ्ट और नए डिजिटल पोर्टल्स का आधिकारिक शुभारंभ भी किया जाएगा.

इस कार्यक्रम का समापन राज्य की समृद्ध संस्कृति को प्रदर्शित करते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ होगा. जिसमें झारखंड राज्य की संस्कृति, नृत्य संगीत, आदि से देश-विदेश के कई गणमान्य व्यक्ति, उद्योग जगत से जुड़े लोग, आदि शामिल होंगे.

इसे भी पढे़ं- स्किल स्टेकहोल्डर्स कनेक्ट 2024 में श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव की दो टूक, कहा- बिचौलियों से दूर रहें अधिकारी

इसे भी पढे़ं- सस्टेनेबल जस्ट ट्रांजिशन फॉर फ्यूचर रेडी झारखंड कॉन्फ्रेंस का समापन, भविष्य की चिंता के समाधान का लिया संकल्प

इसे भी पढे़ं- झारखंड में खुलेगा हर्बल पार्क, मकसद एक - उद्योग भी, निवेश भी और पर्यटन भी