ETV Bharat / state

झारखंड फेंसिंग एसोसिएशन की वार्षिक आमसभा संपन्न, खेल विकास योजनाओं पर मंथन

रांची में झारखंड फेंसिंग एसोसिएशन की वार्षिक आमसभा की बैठक आयोजित की गयी.

Jharkhand Fencing Association Annual General Meeting held in Ranchi
झारखंड फेंसिंग एसोसिएशन की वार्षिक आमसभा की बैठक (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : May 31, 2026 at 3:51 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

रांचीः झारखंड फेंसिंग एसोसिएशन (JFA) की वार्षिक आमसभा (AGM) रविवार को धुर्वा स्थित जेएससीए स्टेडियम परिसर में आयोजित की गई. इस बैठक में राज्य में फेंसिंग खेल के विकास, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, आगामी प्रतियोगिताओं के आयोजन और संगठन की भविष्य की योजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई.

इस आमसभा में राज्य के विभिन्न जिला फेंसिंग संघों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया. बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के चेयरमैन राजीव कुमार बिट्टू ने की. इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष अर्चित आनंद, महासचिव जय कुमार सिन्हा, कोषाध्यक्ष करमबीर उरांव समेत कई पदाधिकारी उपस्थित रहे.

वार्षिक आमसभा के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट और लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया. सदस्यों ने रिपोर्ट का अवलोकन करने के बाद उसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया. बैठक में आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित कार्यक्रमों और योजनाओं पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया. इसमें राज्य स्तरीय फेंसिंग प्रतियोगिताओं और विभिन्न चैंपियनशिप के आयोजन को लेकर चर्चा हुई. पदाधिकारियों ने प्रतियोगिताओं की संभावित तिथियों और आयोजन स्थलों को लेकर सुझाव दिए, ताकि खिलाड़ियों को अधिक से अधिक प्रतिस्पर्धी अवसर उपलब्ध कराए जा सके.

आमसभा में राज्य के उभरते फेंसिंग खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने पर भी सहमति बनी. पदाधिकारियों का मानना है कि नियमित प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से खिलाड़ियों की तकनीकी दक्षता और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता में सुधार होगा. इसके अलावा ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में भी फेंसिंग खेल को बढ़ावा देने के लिए विशेष कार्यक्रम चलाने पर जोर दिया गया.

इस बैठक में झारखंड में फेंसिंग खेल के समग्र विकास के लिए दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार करने पर भी चर्चा हुई. पदाधिकारियों ने कहा कि खेल प्रतिभाओं की पहचान, प्रशिक्षण सुविधाओं का विस्तार और जिला स्तर पर गतिविधियों को मजबूत बनाकर राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर और बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार किया जाएगा.

एजीएम में संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा हुई. कार्यकारिणी के विभिन्न पदों पर पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों और उनके कार्यों की समीक्षा की गई. बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष संजय मोहन ठाकुर, उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, आशुतोष, विजय मिरोदा, कुलवंत सिंह और दिनेश कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे. संयुक्त सचिव राकेश कुमार मिश्रा, अनिल बनस्टोरे, अनुप राजेश लकड़ा और रामाशीष सिंह ने भी अपने सुझाव रखे.

इस बैठक में रामगढ़, हजारीबाग, धनबाद समेत विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में फेंसिंग खेल की स्थिति और खिलाड़ियों की जरूरतों को लेकर विचार साझा किए. जिला संघों ने राज्य संघ के साथ समन्वय बनाकर खेल के विस्तार के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई.

महासचिव जय कुमार सिन्हा ने सभी सदस्यों और जिला प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा, "झारखंड में फेंसिंग खेल के विकास की अपार संभावनाएं हैं. हमारी प्राथमिकता खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं के अधिक अवसर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है. सभी जिला संघों के सहयोग से योजनाबद्ध तरीके से कार्य करते हुए हम फेंसिंग को राज्य के प्रमुख खेलों में शामिल करने की दिशा में आगे बढ़ेंगे".

उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों और बेहतर योजनाओं के जरिए आने वाले वर्षों में झारखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करेंगे. बैठक का समापन खेल के विकास और खिलाड़ियों के हित में मिलकर कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ.

इसे भी पढ़ें- राष्ट्रीय खेल अधिनियम 2025 के अनुरूप हॉकी झारखंड के नए बायलॉज को हरी झंडी, जवाबदेही और पारदर्शिता पर विशेष फोकस

इसे भी पढ़ें- एशियन गेम्स ट्रायलः झारखंड के तीन पहलवान का चयन, पहली बार सीनियर स्तर के ट्रायल में बनाई जगह

इसे भी पढ़ें- नासिक में चमके झारखंड के नन्हे फेंसर, 5 पदकों के साथ लौटे रांची, जोरदार स्वागत