ETV Bharat / state

रांची के पांच केंद्रों पर जेईटी-2024 संपन्न, तीन हजार अभ्यर्थी हुए शामिल

झारखंड पात्रता परीक्षा 2024 रविवार को रांची के 5 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न हुई.

Jharkhand Eligibility Test 2024 EXAM
प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की गहन जांच (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : June 14, 2026 at 4:41 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) द्वारा आयोजित झारखंड पात्रता परीक्षा 2024 रविवार को रांची के 5 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हुई. परीक्षा में करीब तीन हजार अभ्यर्थी शामिल हुए. परीक्षा का आयोजन सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक किया गया. परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क रही तथा सभी केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे.

परीक्षा के सफल संचालन के लिए विशेष तैयारी

परीक्षा के सफल संचालन और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए रांची जिला प्रशासन ने पहले से ही विशेष तैयारी कर रखी थी. सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) कुमार रजत द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा-163 के तहत सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा लागू की गई थी. यह आदेश सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक प्रभावी रहा.

रांची में संपन्न हुई झारखंड पात्रता परीक्षा 2024 (Etv Bharat)

निष्पक्ष और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई परीक्षा

निषेधाज्ञा के तहत पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एक स्थान पर एकत्र होने, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग, हथियार लेकर चलने तथा किसी प्रकार की सभा या बैठक आयोजित करने पर रोक लगाई गई थी. प्रशासन का मकसद परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराना था.

रांची के जिन पांच केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई थी, उनमें सेंट पॉल्स कॉलेज, चर्च रोड, सेंट जॉन्स हाई स्कूल, करबला टैंक रोड, रामटहल चौधरी हाई स्कूल (हिंदी माध्यम), बुटी, सेंट मार्गरेट्स गर्ल्स हाई स्कूल, बहू बाजार तथा सेंट एन्स इंटरमीडिएट कॉलेज, पुरुलिया रोड शामिल थे.

प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की गहन जांच

परीक्षा शुरू होने से पहले ही सभी केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें देखी गई. प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की गहन जांच की गई और निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया गया. केंद्रों के बाहर पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई थी. कई स्थानों पर यातायात व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मी लगाए गए थे. परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कदाचार की सूचना नहीं मिली.

परीक्षा केंद्रों के आसपास रही निषेधाज्ञा लागू

एसडीओ कुमार रजत ने बताया कि परीक्षा के शांतिपूर्ण संचालन के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक कदम उठाए गए थे. उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू करने का उद्देश्य विधि-व्यवस्था बनाए रखना और अभ्यर्थियों को शांत वातावरण उपलब्ध कराना था. प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल की सतत निगरानी के कारण परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई.

परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थी केंद्रों से बाहर निकले और अपने अनुभव साझा किए. अधिकांश अभ्यर्थियों ने परीक्षा व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को संतोषजनक बताया. जिला प्रशासन ने भी परीक्षा के सफल संचालन पर संतोष व्यक्त किया है.

ये भी पढ़ें- रांची-हावड़ा परीक्षा स्पेशल ट्रेन, परीक्षार्थियों और यात्रियों को राहत

NEET UG re exam: रांची में 21 परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा लागू

जेपीएससी सिविल जज 2023 के पीटी परीक्षा का रिजल्ट जारी, 1844 अभ्यर्थी हुए सफल