झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने राज्यसभा चुनाव को लेकर बता दी अपनी इच्छा, अब महागठबंधन के शीर्षस्थ नेतृत्व को लेना है फैसला
राज्यसभा चुनाव को लेकर झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने अपनी और पार्टी की इच्छा सार्वजनिक कर दी है.

Published : May 24, 2026 at 8:30 PM IST
रांची: झारखंड से राज्यसभा की दो सीटों के लिए जून में चुनाव होने हैं. चुनावी प्रक्रिया का शेड्यूल भी जारी हो चुका है, लेकिन राज्य की सत्ताधारी महागठबंधन के दल अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं. ऐसे में झारखंड कांग्रेस के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने राज्यसभा चुनाव को लेकर अपनी और पीसीसी की इच्छा सार्वजनिक कर दी है.
जानें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष की इच्छा
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि राज्यसभा सीट को लेकर फैसला तो महागठबंधन के शीर्षस्थ नेताओं को लेना है, लेकिन प्रदेश कांग्रेस कमेटी की इच्छा है कि राज्यसभा की दो सीटों में से एक सीट कांग्रेस को मिले. केशव महतो कमलेश ने कहा कि हमारा एक सीट पर हक बनता है और विधानसभा में महागठबंधन का संख्या बल भी दोनों सीट जीतने के लिए पर्याप्त है.
एक सीट पर स्वाभाविक हक हमारा-राजेश ठाकुर
वहीं राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और AICC सदस्य राजेश ठाकुर कहते हैं कि महागठबंधन में लेना क्या और देना क्या? राज्यसभा की एक सीट पर स्वाभाविक हक हमारा बनता है. राज्यसभा की सीट मांगना क्या और देना क्या? राजेश ठाकुर ने कहा कि महागठबंधन में सभी दलों का मान बराबर है. चाहे राजद हो, माले हो, कांग्रेस हो या झामुमो हो. क्योंकि महागठबंधन के विधायकों की कुल संख्या से दो भी लोग कम होंगे तो राज्यसभा की दूसरी सीट जीत पाना मुमकिन नहीं होगा.
क्या है झारखंड में राज्यसभा चुनाव में जीत का समीकरण
कुल 81 सीटों वाली झारखंड विधानसभा में राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए प्रथम वरीयता की 28 वोट की जरूरत है. झारखंड की मौजूदा विधानसभा में इंडिया ब्लॉक वाले महागठबंधन के पास 56 विधायकों (झामुमो-34, कांग्रेस-16, राजद-04, माले-02) की ताकत है. ऐसे में अगर महागठबंधन में शामिल पार्टियां पूरी एकता के साथ राज्यसभा चुनाव लड़ती है तो राज्यसभा की दोनों सीटें महागठबंधन की झोली में आना तय है, क्योंकि झारखंड में NDA के पास राज्यसभा की एक सीट भी जीत पाने की ताकत नहीं है. NDA के पास भाजपा के 21,जदयू -01,आजसू-01,लोजपा आर के 01 विधायक सहित कुल 24 विधायक ही हैं. जबकि झारखंड लोकतंत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के एक विधायक हैं.
ये भी पढ़ें-
राज्यसभा चुनाव की घोषणा, झारखंड की दो सीटों के लिए 18 जून को मतदान, सियासी गलियारों में बढ़ी हलचल
राज्यसभा चुनाव के लिए झामुमो को कांग्रेस की दो टूक! बलमुचू ने कहा- तीन बार से हो रही हमारी हकमारी

