कांग्रेस का बीजेपी पर आरोप, अल्पसंख्यक समुदाय से आने की वजह से स्वास्थ्य मंत्री को कर रही है टारगेट
झारखंड कांग्रेस ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री अल्पसंख्यक समुदाय से हैं, इसी वजह से बीजेपी हमेशा टारगेट करती है.

Published : December 22, 2025 at 8:04 PM IST
रांची: भाजपा राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर लगातार मुखर होकर आवाज उठा रही है. जिसको लेकर प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता ने तीखी प्रतिक्रिया दी. इसके साथ ही हिजाब मामले के बाद डॉ नुसरत को 3 लाख रुपए महीने देने की बात पर भी प्रतिक्रिया दी.
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सोनाल शांति ने कहा कि भाजपा की राजनीति जिस धर्मांधता के मुद्दे पर टिकी है, उसी आधार पर लगातार स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी को निशाना बनाया जा रहा है. प्रदेश प्रवक्ता सोनाल शांति ने कहा कि इरफान अंसारी के अल्पसंख्यक समुदाय से आने की वजह से ही उन्हें भाजपा के निशाने पर रहना पड़ रहा है.
उन्होंने कहा कि अगर वह गैर अल्पसंख्यक समुदाय से आते तो भाजपा के विरोध के केंद्र में नहीं होते. कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री भानुप्रताप शाही जो स्वास्थ्य विभाग के करोड़ों के घोटाले के आरोपी रहे हैं और जेल की सैर कर चुके हैं, उनका घोटाला भाजपा को नहीं दिखता है बल्कि भाजपा ने उन्हें अपना ब्रांड एंबेसडर बना रखा है.
टारगेट करने से पहले बीजेपी अपने कार्यकाल को देखे: प्रदेश कांग्रेस
प्रदेश प्रवक्ता सोनाल शांति ने कहा कि पूर्व स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी के कार्यकाल में स्वास्थ्य व्यवस्था की लचर हालत को जनता जानती है, उनके मंत्रित्व काल में चंद्रवंशी का पूरा ध्यान अपने मेडिकल कॉलेज को खोलने में लगा रहता था. उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल के दौरान रिम्स में मरीजों को जमीन पर खाना दिया जाता था, स्वास्थ्य मंत्री को एएनएम-जीएनएम के बारे में पता नहीं होता था. रिम्स और अन्य जिला अस्पताल मूलभूत सुविधाओं की बाट जोह रहे थे और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री अपने निजी चिकित्सा महाविद्यालय की ऊंची इमारत खड़ी कर रहे थे.
वर्तमान सरकार में स्वास्थ्य व्यवस्था पटरी पर लौट रही है: प्रदेश कांग्रेस
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने भाजपा प्रवक्ता राफिया नाज के तमाम आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में रांची का सदर अस्पताल अपनी स्वास्थ्य सुविधाओं और चिकित्सकीय व्यवस्था से देशभर के सदर अस्पतालों में अग्रणी पायदान पर आ गया है. जिसकी कार्य प्रणाली की जानकारी लेने अन्य राज्यों के प्रतिनिधि झारखंड आते हैं. स्वास्थ्य सुविधाओं में दिन प्रतिदिन दिन गुणात्मक सुधार हो रहे हैं. सोनाल शांति ने कहा कि आसाराम बापू को अपना आदर्श मानने वाले लोगों को महिला अस्मिता का ख्याल नहीं होगा.
सोनाल शांति ने कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा जो कृत्य किया गया, उसके बारे में एक भी भाजपा नेता ने खेद तक प्रकट नहीं किया. झारखंड की सभ्यता और संस्कृति महिलाओं के सम्मान की रक्षा करना रहा है. उन्होंने कहा कि डॉ नुसरत की आत्मसम्मान और हौसले को बनाए रखने के लिए डॉ इरफान अंसारी ने अगर नौकरी की पेशकश की तो भाजपा क्यों हाय तौबा मचा रही है. क्या इसकी वजह यह नहीं है कि डॉ इरफान अंसारी और डॉ नुसरत प्रवीण एक ही समुदाय से आते हैं.
बाबूलाल मरांडी हताश और निराश नेताः राकेश सिन्हा
वहीं बाबूलाल मरांडी द्वारा राज्य में मुआवजा में राजनीति वाले आरोप पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राकेश सिन्हा ने कहा कि दरअसल, बाबूलाल मरांडी फ्रस्टेशन में हैं. इसलिए उनकी बातों को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है. प्रदेश मीडिया प्रभारी ने कहा कि यह महागठबंधन की सरकार है, यहां मुआवजा उन्हीं को दिया जाता है, जो उसे पाने का हकदार होता है. यह दिल्ली की मोदी सरकार नहीं है जो सिर्फ अपने दो उद्योगपति मित्रों को ही नियम कानून ताक पर रख कर मुआवजा देती है.
ये भी पढ़ें: शिलान्यास पर सियासत, मंत्री इरफान अंसारी से नाराज जिला परिषद अध्यक्ष ने निर्माण कार्य का किया दोबारा शिलान्यास
बच्चे का शव परिजनों द्वारा थैले में ले जाने का मामला, स्वास्थ्य मंत्री दिये जांच के आदेश

