पेट्रोल-डीजल के दामों में लगातार हो रही वृद्धि का विरोध, कांग्रेस का केंद्र के खिलाफ प्रदर्शन
पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने रांची में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया.

Published : May 25, 2026 at 9:30 PM IST
रांची: देश में पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम को लेकर रांची में प्रदेश कांग्रेस केन्द्र सरकार के खिलाफ सड़क पर विरोध प्रदर्शन किया. सोमवार को रांची के अंबेडकर चौक के समीप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर बढ़ते पेट्रोल डीजल के दामों को लेकर विरोध किया. कांग्रेस प्रदेश महासचिव आलोक दूबे के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला पुरुष शामिल थी.
इस मौके पर आलोक दूबे ने कहा कि बीते 10 दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 8 रुपए तक की बढ़ोतरी हुई है. जिससे आम जनता पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल में जब कच्चे तेल की कीमत 140 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थी, तब भी जनता को इतनी महंगाई का सामना नहीं करना पड़ा था. कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि वर्तमान समय में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें पहले जितनी ऊंची नहीं हैं, इसके बावजूद देश में पेट्रोल-डीजल लगातार महंगा हो रहा है.
दाम बढ़ाना ही है तो एक ही बार बढ़ा दें: किशोरनाथ शाहदेव
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता किशोरनाथ शाहदेव ने कहा कि ईंधन की कीमत बढ़ने से ट्रांसपोर्टेशन महंगा हो जाता है. जिसका सीधा असर खाने-पीने और रोजमर्रा की जरूरत की चीजों पर पड़ता है. यदि बढ़ाना ही है तो एक ही बार में पेट्रोल डीजल का दाम बढा दे. प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस प्रदेश महासचिव आदित्य विक्रम जायसवाल ने कहा कि चावल, दाल, आलू समेत जरूरी वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं और आम लोग महंगाई से परेशान हैं.
उन्होंने केंद्र सरकार पर आर्थिक मोर्चे पर विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि छोटे व्यापारियों, होटल-रेस्टोरेंट संचालकों और ठेला-खोमचा चलाने वालों पर भी इसका गंभीर असर पड़ा है. कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के साथ मिलकर सरकार से जवाब मांग रही है और महंगाई के मुद्दे पर आगे भी आंदोलन जारी रहेगा.
ये भी पढ़ें: देश में नहीं है महंगाई, सब कुछ कंट्रोल में, रांची में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ का दावा

