झारखंड में नगर निकाय चुनाव में उतरने को कांग्रेस तैयार, सहयोगी दलों के साथ मिलकर सभी शहरी निकाय क्षेत्र में जीत का दावा
झारखंड कांग्रेस नगर निकाय चुनाव में उतरने के लिए तैयार है. पार्टी की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई है.

Published : January 8, 2026 at 8:50 PM IST
रांची: SIR की वजह से झारखंड में होनेवाले शहरी निकाय चुनाव को लेकर उधेड़बुन की स्थिति को आज राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा लगभग समाप्त कर दिए जाने से झारखंड कांग्रेस उत्साहित है. पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सोनाल शांति ने कहा कि झारखंड कांग्रेस शहरी निकाय चुनाव को लेकर पूरी तरह से तैयार है.
दलीय आधार पर चुनाव नहीं होने के बावजूद झारखंड कांग्रेस के प्रवक्ता सोनाल शांति ने कहा कि पार्टी की ओर से निकाय चुनाव को लेकर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं. उन्होंने कहा कि जल्द ही अपने सहयोगी और समान विचारधारा वाले दलों के नेताओं के साथ एक बैठक कर आपसी सामंजस्य बनाने की कोशिश कांग्रेस करेगी, ताकि दलीय आधार पर चुनाव नहीं होने के बावजूद बड़ी संख्या में कांग्रेस और महागठबंधन की विचारधारा वाले प्रत्याशी चुनाव जीत कर वार्ड पार्षद, मेयर, डिप्टी मेयर, नगर परिषद/नगर पंचायत के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनें.
एक साल से कांग्रेस कर रही थी निकाय चुनाव की तैयारी
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता ने सोनाल शांति उर्फ रिंकू तिवारी ने कहा कि पार्टी एक साल से निकाय चुनाव की तैयारियों में जुटी थी. जिला स्तर पर कमेटी बनाकर धरातल पर हमारी क्या स्थिति है इनकी फैक्ट फाइंडिंग का काम भी हो चुका है.
उन्होंने कहा कि जिस तरह से लोकसभा और विधानसभा चुनाव में हमने सहयोगी दलों के साथ मिलकर भाजपा को शिकस्त दी थी, उसी तरह दलीय आधार पर चुनाव नहीं होने के बावजूद कांग्रेस अपने सहयोगी दलों के साथ सभी निकाय क्षेत्र में संघ या भाजपा की नीति सिद्धांत मानने वाले उम्मीदवारों की हार और कांग्रेस-सहयोगी दलों के विचारधारा वाले उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करेगी. उन्होंने कहा कि राज्य के सभी शहरी नगर निकाय क्षेत्र में हमारे लोगों का कब्जा होगा.
आज क्या हुआ राज्य चुनाव आयोग की बैठक में
राज्य में मतदाताओं के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की शुरुआत होने के बावजूद नगर निकाय चुनाव होंगे. SIR राज्य में शहरी निकाय चुनाव में बाधक नहीं बनेगा, इसके संकेत आज राज्य निर्वाचन आयुक्त अलका तिवारी की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक के बाद आयोग के सचिव राधेश्याम प्रसाद ने दिए थे. राज्य के गृह सचिव, डीजीपी, नगर विकास सचिव और सभी जिलों के डीसी-एसपी की ऑनलाइन उपस्थिति में हुई बैठक में निर्वाचन से जुड़ी सभी तैयारियों की समीक्षा के बाद मीडिया से रूबरू हुए सचिव राधेश्याम प्रसाद ने कहा था कि SIR का निकाय चुनाव पर प्रभाव नहीं पड़ेगा. निकाय चुनाव से जुड़ी सभी तैयारियों को लगभग पूरा कर लेने का दावा करते हुए आयोग के सचिव ने साफ शब्दों में कहा था कि एसआईआर का कोई प्रभाव नगर निकाय चुनाव पर नहीं पड़ेगा.
ये भी पढ़ें-
नगर निकाय चुनाव में राजनीतिक दलों ने झोंकी ताकत, बीजेपी ने की ईवीएम से चुनाव कराने की मांग

