मुख्य सचिव ने धनबाद में गैस रिसाव वाले इलाके और बेलगड़िया टाउनशिप का किया निरीक्षण, कहा- ग्रामीणों की सलाह जरूरी
धनबाद के केंदुआडीह गैस लीक वाले इलाके में मुख्य सचिव अविनाश कुमार समेत अन्य अधिकारियों ने निरीक्षण कर ग्रामीणों से बातचीत की.

Published : December 13, 2025 at 3:41 PM IST
धनबाद: केंदुआडीह क्षेत्र में गैस रिसाव वाले इलाके का शनिवार को झारखंड के मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने दौरा किया. उनके साथ प्रभारी डीजीपी तदास मिश्रा, बीसीसीएल के सीएमडी, डीसी, एसएसपी समेत कई आला अधिकारी मौजूद रहे. अविनाश कुमार पूरे इलाके का निरीक्षण किया और लोगों से बातचीत भी की. लोगों की सरकार से जो आकांक्षाएं हैं, उन्हें सुनी और विचार करने का आश्वासन भी दिया. यही नहीं बेलगड़िया टाउनशिप का भी मुख्य सचिव एवं अन्य अधिकारियों ने निरीक्षण किया. जहां प्रभावित परिवारों को बसाया जाना है.
गैस रिसाव को नियंत्रित करना चुनौती: मुख्य सचिव
मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने कहा कि गैस रिसाव की घटना पर पूरी तरह से नियंत्रण रखना बड़ी चुनौती है. प्राकृतिक कारणों से ऐसी घटनाएं घटती हैं, हालांकि विशेषज्ञों की रिपोर्ट पर विचार विमर्श जारी है. मुख्य सचिव ने कहा कि पल-पल का अध्ययन किया जा रहा है. ग्रामीण सालों से यहां रहते हैं, बेहतर परिस्थिति वही समझते हैं. मुख्य सचिव ने कहा कि ग्रामीणों की सहभागिता के बिना समाधान निकालना मुश्किल है.
लोगों से बातचीत कर मुख्य सचिव ने सुरक्षा का दिया भरोसा
मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य सरकार लोगों को सुरक्षित स्थान पर बसाने और गैस रोकने की दिशा में आकलन करने में जुटी है. केंद्र सरकार, राज्य सरकार, बीसीसीएल प्रबंधन और स्थानीय लोगों के बीच बेहतर ताल मेल बैठाकर ही कोई निर्णय लेंगे. उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक, सांसद, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से बातचीत के माध्यम से समस्या का हल निकाला जाएगा. राज्य और केंद्र दोनों सरकारें घटना को लेकर काफी गंभीर हैं. केंदुआडीह में मुख्य सचिव ने लोगों के बीच माइक के जरिए बातचीत भी की और लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया.

बेलगड़िया टाउनशिप में सुविधाओं का लिया जायजा
मुख्य सचिव अविनाश कुमार और डीजीपी समेत तमाम अधिकारियों ने बेलगड़िया टाउनशिप का भी दौरा किया. जहां पर वर्तमान में दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली. मौके पर लोगों से बातचीत कर मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी भी ली. मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि लोगों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता में शामिल है. किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सरकार सजग है.

मामला केंद्र के अधीन, लेकिन राज्य सरकार को भी सोचने की जरूरत: विधायक
मौके पर धनबाद विधायक राज सिन्हा ने कहा कि घटना को विधानसभा में भी आवाज उठाया और मुख्यमंत्री से मिलकर समस्या का समाधान के लिए लिखित आवेदन दी गई है. विधायक ने कहा कि यह मामला केंद्र सरकार के अधीन है, लेकिन राज्य सरकार को भी लोगों की सुरक्षा के बारे में सोचने की जरूरत है.
ये भी पढ़ें: केंदुआडीह गैस रिसाव मामला, CMPDI की टीम ड्रोन के जरिए कर रही आकलन

