सीएम हेमंत सोरेन से मिला चैंबर ऑफ कॉमर्स का शिष्टमंडल, राज्य में तेजी से औद्योगिक विकास के लिए दिए कई सुझाव
झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के शिष्टमंडल ने सीएम हेमंत सोरेन को ज्ञापन सौंपा है.

Published : December 20, 2025 at 7:47 PM IST
रांचीः राज्य में तेजी से औद्योगिक विकास के उद्देश्य से आज शनिवार को झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स का एक शिष्टमंडल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिला.कांके रोड स्थित सीएम आवास पर व्यवसायियों के साथ हुई इस बैठक में फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य में औद्योगिक विकास, नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन और औद्योगिक इकाइयों से संबंधित विभिन्न विषयों पर मुख्यमंत्री के साथ विस्तृत चर्चा की.चैंबर अध्यक्ष आदित्य मलहोत्रा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने इस दौरान मुख्यमंत्री को उद्योग जगत के समक्ष उत्पन्न हो रही व्यवहारिक चुनौतियों और उनके संभावित समाधानों से अवगत कराया.
राज्य सरकार औद्योगिक विकास के प्रति प्रतिबद्धः सीएम
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि राज्य सरकार औद्योगिक विकास के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि उद्योग क्षेत्र राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की भूमिका राज्य के आर्थिक सशक्तिकरण में अत्यंत महत्वपूर्ण रही है. मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों और सुझावों पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे. उन्होंने कहा कि सरकार राज्य में व्यवसाय के वातावरण को और अधिक सरल और अनुकूल बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि निवेश और रोजगार के अवसरों का विस्तार हो सकें.
झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
मुख्यमंत्री के साथ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स की हुई बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया कि झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स, उद्योग विभाग के समन्वय से "इन्वेस्ट इन झारखंड" विषय पर एक विस्तृत प्रजेंटेशन तैयार करेगा. जिसे अन्य राज्यों में प्रस्तुत कर झारखंड में पूंजी निवेश को आकर्षित किया जाएगा.
मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए झारखंड चैंबर ने औद्योगिक रूप से पिछड़े पलामू और संताल परगना क्षेत्र में औद्योगिकीकरण को गति देने सहित विभिन्न मांगों को रखा. झारखंड चैंबर के द्वारा दिए गए सुझाव की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल मील का पत्थर साबित होगा, क्योंकि एक व्यापारी, दूसरे व्यापारी की बात को बेहतर ढंग से समझता है. बैठक के दौरान पलामू और संताल परगना क्षेत्र में औद्योगिकीकरण को गति देने पर विशेष फोकस किया गया.मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस विषय को लेकर गंभीर है और इस दिशा में कई प्रयास प्रारंभ किए जा चुके हैं.
एफजेसीसीआई के अध्यक्ष ने दी जानकारी
फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने ईटीवी भारत से बातचीत में बताया कि मुख्यमंत्री के साथ बिल्डिंग रेगुलाइजेशन बिल, खासमहाल की जमीन का सरलीकरण, हर जिले में डीडीसी स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में चैंबर ऑफ कॉमर्स की बैठक कर औद्योगिक माहौल बनाने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई.
चैंबर शिष्टमंडल में उपाध्यक्ष राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग, सह सचिव रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल, मनीष सराफ और डॉ. अभिषेक रामाधीन उपस्थित थे.
ये भी पढ़ें-
अमेरिका के नए टैरिफ पर झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स चिंतित, व्यापारिक गतिविधि प्रभावित होने की जताई आशंका

