VB-G RAM G पर सियासत तेज, कांग्रेस के आंदोलन को निष्प्रभावी बनाने जनता के बीच जाएगी बीजेपी
मनरेगा का नाम बदलकर VB-G RAM G होने के बाद से सियासत जारी है. झारखंड बीजेपी जनता के बीच जाकर बताएगी इसके फायदे.


Published : December 31, 2025 at 3:51 PM IST
रांची: मनरेगा योजना का नाम बदलकर 'विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) (VB-G RAM G) बिल, 2025' किया गया है. नए प्रावधानों के तहत काम के दिन 100 से बढ़ाकर 125 कर दिए गए हैं और भुगतान हर हफ्ते करने का नियम लागू किया गया है.
इधर, मनरेगा का नाम बदले जाने को लेकर सियासी घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है. विपक्ष इस योजना से महात्मा गांधी के नाम हटाए जाने पर आपत्ति जता रहा है और राष्ट्रव्यापी आंदोलन की घोषणा कर चुका है. इसका जवाब देने के लिए भाजपा ने जनता के बीच जाने का फैसला लिया है.
प्रदेश भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी और उनके नेताओं के पेट में इतनी दर्द क्यों हो रही है, यह समझ से परे है. प्रदेश भाजपा ने इसका मुकाबला करने के लिए हर मंडल में 8-10 जनवरी तक गोष्ठी और सभा आयोजित कर जनता के बीच जाने का निर्णय लिया है. उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से हम जनता को बताएंगे कि नए रूप में आई मनरेगा से मजदूरों को कितना लाभ मिलेगा.
मनरेगा में था भ्रष्टाचार का बोलबाला, अब लगेगी रोक: आदित्य साहू
भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि मनरेगा में भ्रष्टाचार का बोलबाला जगजाहिर है. नए कानून से न केवल भ्रष्टाचार पर रोक लगेगी, बल्कि मजदूरों को समय पर राशि मिलेगी. साल के दो महीने उन्हें काम नहीं करना पड़ेगा, फिर भी राशि मिलती रहेगी. उन्होंने कहा कि विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है, जो सफल नहीं होगा.
आदित्य साहू ने कहा कि कांग्रेस को 'जी राम जी' नाम से आपत्ति होना उनकी मानसिकता को दर्शाता है. जनता को गुमराह करने में कांग्रेस को पीएचडी हासिल है. हम सभी ने देखा है कि मनरेगा भ्रष्टाचार और लूट का अड्डा बन गया था, विशेषकर झारखंड में तो लूट की मिसाल कायम हो गई. हालत यह है कि पड़ोसी जिले खूंटी में इस मामले में एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी को लंबे समय तक जेल में रहना पड़ा. साल 2024-25 में मनरेगा में 193.67 करोड़ के गबन का मामला सामने आया है. फर्जी बिल और कागजों के आधार पर बड़ी राशि का गबन किया गया. ऐसे में यह नया कानून इन सभी गड़बड़ियों को रोकने का काम करेगा.
वहीं, झारखंड कांग्रेस के प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं महासचिव राकेश सिन्हा ने भाजपा नेताओं पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा के नेता गोडसे के अनुयायी हैं और उन्हें राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नाम से नफरत है, इसलिए उन्होंने बापू के नाम से चल रही योजना का नाम बदला है.
गांधी के देश में उनका अस्तित्व खत्म नहीं किया जा सकता: राकेश सिन्हा
झारखंड कांग्रेस के प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि भाजपा के लोग नाम बदलने में माहिर हैं. अगर उन्हें नाम बदलने का इतना शौक है, तो दिल्ली का नाम बदलकर रामनगर कर दें, वहां का प्रदूषण खत्म हो जाएगा. कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा के लोग गरीब विरोधी हैं और उन्हें जनता से कोई लेना-देना नहीं है.
राज्य सरकार पर आर्थिक बोझ डाला गया: कांग्रेस
राकेश सिन्हा ने कहा कि मनरेगा के नाम बदलकर संघीय व्यवस्था को चोट पहुंचाई गई है. फंडिंग अनुपात 90:10 से बदलकर 60:40 कर दिया गया है, जो राज्यों के साथ नाइंसाफी है. राज्यों से कोई सलाह-मशविरा भी नहीं किया गया. कांग्रेस अब आर-पार की लड़ाई लड़ेगी.
ये भी पढ़ें:
VB-G RAM G कानून के खिलाफ वामदलों का प्रदर्शन, कहा- अधिकार आधारित रोजगार खत्म करने की साजिश
मनरेगा का सिर्फ नाम बदला या बहुत कुछ बदल गया? झारखंड में वीबी जी राम जी का क्या होगा असर

