प्रदेश भाजपा की निर्वाचन आयोग और पुलिस प्रशासन से अपील, निष्पक्ष और भयमुक्त हो नगर निकाय चुनाव
झारखंड बीजेपी अध्यक्ष आदित्य साहू ने निर्वाचन आयोग और पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष और भयमुक्त नगर निकाय चुनाव कराने की मांग की है.

Published : February 21, 2026 at 7:57 PM IST
रांची: प्रदेश भाजपा ने नगर निकाय चुनाव में हिंसा की आशंका जताते हुए निर्वाचन आयोग और पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव कराने का आग्रह किया है. भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडियाकर्मियों को प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि न्यायालय के सख्त निर्देश और भाजपा के लगातार आंदोलन, धरना प्रदर्शन का परिणाम है कि हेमंत सरकार चुनाव कराने पर विवश हुई है. उन्होंने कहा कि चुनाव की घोषणा के बाद भी राज्य सरकार ने सत्ता और प्रशासन के दुरूपयोग की मंशा उजागर कर दी है.
सरकार अपनी हठधर्मिता पर अड़ी रही: आदित्य साहू
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्य पुलिस की सुरक्षा में और बैलेट पेपर से चुनाव कराने के निर्णय से यह आशंका और मजबूत हो गई है. उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव की घोषणा से पहले भी निकाय चुनाव को ईवीएम से कराने की मांग राज्य सरकार और निर्वाचन आयोग से किया. लेकिन राज्य सरकार अपनी हठधर्मिता पर अड़ी रही. राज्य सरकार पुलिस प्रशासन को टूल किट के रूप में उपयोग करा रही है.
भाजपा ने राज्य के सभी बूथों पर लोकसभा और विधानसभा चुनाव के तर्ज पर केंद्रीय सुरक्षा बलों की देख रेख में निकाय चुनाव कराने की मांग की. लेकिन राज्य सरकार के इशारे पर निर्वाचन आयोग ने इस दिशा में पहल नहीं की. उन्होंने कहा कि राज्य के सभी निकाय क्षेत्रों में संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथ है. भाजपा ने लिखित ज्ञापन सौंपकर इस संबंध में भी मांग की है लेकिन लगता है कि राज्य सरकार निकाय चुनाव में लोकतंत्र का गला घोंटने को तैयार हो गई है.
राज्य सरकार की मंशा पर जनता पानी फेरने को तैयार: आदित्य साहू
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पूरे प्रदेश में घूमने और जनसंपर्क से यह स्पष्ट हो गया है कि जनता लोकतंत्र की रक्षा के लिए संकल्पित है. राज्य सरकार की मंशा पर जनता पानी फेरने को तैयार है. जिस प्रकार से राज्य की जनता सरकार के कारनामों, अर्श से फर्श तक फैले आकंठ भ्रष्टाचार, अपराधियों के आतंक और भय, लूट, अपहरण, बच्चा चोरी से परेशान हैं, उसका खामियाजा हेमंत सरकार को भुगतना पड़ेगा.
आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा जनता से आग्रह करती है कि वे निर्भिक होकर भारी संख्या में मतदान करें. यह चुनाव केवल शहर की सरकार ही तय नहीं करेगी, बल्कि राज्य सरकार को कड़ी चेतावनी भी होगी. उन्होंने राज्य सरकार के पुलिस प्रशासन से भी अनुरोध किया कि वे अपने पद और वर्दी की मर्यादा नहीं तोड़े. भाजपा सभी पर पैनी नजर रख रही है, लोकतंत्र को कलंकित करने और करवाने वाले को जनता कभी माफ नहीं करेगी.
ये भी पढ़ें: अंत तक डटे रहे भाजपा के बागी कामेश्वर पासवान, कहा - अब कितना सहेंगे, हार नहीं मानूंगा
झारखंड में अपराधी चला रहे हैं समानांतर सरकार, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू का बड़ा आरोप

