ETV Bharat / state

बुंदेलखंड के समाजसेवी से 15.75 लाख की ठगी, 15 महीने में रकम तीन गुनी करने का दिया झांसा

पीड़ित ने नवाबाद थाने में 5 के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा, पुलिस ने शुरू की जांच.

jhansi bundelkhand social worker cheated rupees 15 lakh pretext return crypto currency
बुंदेलखंड के समाजसेवी से 15.75 लाख की ठगी. (etv bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : December 23, 2025 at 8:16 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

झांसी: बुंदेलखंड के समाजसेवी से 15.75 लाख की ठगी का मामला सामने आया है. आरोप है कि क्रिप्टो करेंसी में निवेश का झांसा देकर आरोपियों ने यह रकम ठगी. पीड़ित समाजसेवी ने नवाबाद थाने में 5 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. आरोपियों ने 15 महीने में रकम तीन गुनी करने का झांसा दिया था. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

कई वर्षों से समाजसेवा से जुड़े: बुंदेलखंड के समाजसेवी संगठन संघर्ष सेवा समिति के अध्यक्ष डॉ. संदीप सरावगी ने नवाबाद थाने में ठगी का मामला दर्ज कराया है. वह कई वर्षों से जिले में समाजसेवा के कार्य से जुड़े हैं. उनकी संस्था ने सर्वसमाज की सैकड़ों बेटियों के विवाह में योगदान दिया है.


कैसे हुई ठगी: पीड़ित समाजसेवी डॉ. संदीप ने पुलिस को बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व उनकी मुलाकात पंचवटी निवासी शशांक श्रीवास्तव, पुणे के जीतू मालखेड़े से हुई थी. दोनों ने अपने तीन अन्य साथियों से मिलाया. आरोपियों ने झांसी में आयोजित एक सेमिनार के माध्यम से क्रिप्टो करेंसी में निवेश का झांसा दिया. इन लोगों ने कहा कि यदि एक बार निवेश किया जाए तो 15 माह में रकम तीन गुना हो जाएगी. इसके साथ ही हर महीने नियमित रिटर्न भी मिलेगा. इससे समाजसेवा के कार्यों में संस्था को और ज्यादा सहयोग मिल सकेगा.

झूठे वादे में आकर दिया पैसा: आरोपियों के झूठे वादे में आकर उन्होंने 15 लाख 75 हजार का चेक दे दिया. रकम आरोपियों के खाते में जमा हो गई. समय बीतने के बावजूद न तो कोई रिटर्न मिला और न ही मूल धन वापस हुआ. जब उन्होंने आरोपियों से पैसा मांगा तो उन्होंने मना कर दिया. उनके मुताबिक यह ठगी सिर्फ उन्हीं के साथ नहीं हुई बल्कि कई लोग इनके झांसे में आए हैं. इसके बाद थाने में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया.

पुलिस क्या बोली: नवाबाद प्रभारी रवि श्रीवास्तव ने बताया कि शिकायत पर दो नामजद शशांक श्रीवास्तव, जीतू मालखेड़े और तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मामले की जांच की जा रही है. विधिक कार्रवाई की जा रही है.