झंडूता के अरुण कुमार संख्यान ने दूसरी बार पास की HAS परीक्षा, 2021 में भी मिली थी बड़ी कामयाबी
झंडूता के अरुण कुमार संख्यान ने HAS परीक्षा पास कर बने तहसीलदार.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : January 1, 2026 at 4:56 PM IST
बिलासपुर: झंडूता की ग्राम पंचायत डाहड के होनहार बेटे अरुण कुमार संख्यान ने एक बार फिर हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा परीक्षा 2025 में सफलता प्राप्त कर तहसीलदार पद के लिए चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है. खास बात यह है कि इससे पहले भी वे हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा परीक्षा 2024 में चयनित हो चुके हैं. अरुण वर्तमान में राजस्व विभाग में नायब तहसीलदार के पद पर सेवाएं दे रहे हैं.
HAS परीक्षा पास कर अरुण बने तहसीलदार
अरुण कुमार संख्यान, पुत्र ठाकुर दास शर्मा एवं कांता देवी, ग्राम पंचायत डाहड, तहसील झंडूता, जिला बिलासपुर के रहने वाले हैं. उनके पिता एक सेवानिवृत्त जे.बी.टी. अध्यापक हैं, जबकि माता गृहिणी हैं. एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले अरुण ने अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अध्ययन से यह मुकाम हासिल किया है. अरुण ने प्रारंभिक शिक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डाहड से और हिमाचल विश्वविद्यालय से रसायन विज्ञान में स्नातकोत्तर शिक्षा प्राप्त की है.
2021 में अरुण ने पास की थी हिमाचल प्रदेश अलाइड परीक्षा
वर्ष 2021 में अरुण ने हिमाचल प्रदेश अलाइड परीक्षा उत्तीर्ण कर ऑडिट इंस्पेक्टर के पद पर चयन प्राप्त किया. इसके बाद अरुण ने वर्ष 2023 में पहले ही प्रयास में नायब तहसीलदार की परीक्षा उत्तीर्ण की. इसके बाद वे हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा परीक्षा 2024 में रजिस्ट्रार के लिए चयनित हुए. अरुण के परिवारजनों ने बताया कि वर्ष 2025 में एक बार फिर से चयनित होकर तहसीलदार पद तक पहुंचना उनकी लगातार दृढ़ संकल्प और परिश्रम के कारण संभव हुआ है. अरुण कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, बहनों और पत्नी श्वेता शर्मा को दिया है.
ये भी पढ़ें: HAS Result 2025: असफलताएं भी नहीं तोड़ पाई हौसला, चौथे अटेम्पट में अफसर बनी हिमाचल की ये बेटी
ये भी पढ़ें: हमीरपुर के रोहित ने पांचवे प्रयास में पास की HAS की परीक्षा, सरकारी नौकरी के साथ की तैयारी
ये भी पढ़ें: HAS Result 2025: डिपो संचालक की बेटी ने रचा इतिहास, मेघा ने HPAS में किया टॉप

