तालाब में डूबने से दो चचेरे भाइयों की मौत, गांव में पसरा सन्नाटा
राजस्थान के झालावाड़ में दर्दनाक हादसा. तालाब में डूबने से दो चचेरे भाइयों की मौत. सदमे में परिवार...

Published : July 2, 2026 at 5:56 PM IST
झालावाड़: जिले के दांगीपुरा थाना क्षेत्र के चांदपुरा भिलान गांव में तालाब में नहाते समय डूबने से दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई. दोनों के शव तालाब में दिखाई दिए. ग्रामीणों की नजर पड़ने पर पुलिस को सूचना दी गई. इसके बाद दांगीपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची व ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों के शवों को तालाब से बाहर निकाला गया.
घटना को लेकर थाना प्रभारी विजेंद्र कुमार ने बताया कि 6 वर्षीय भूरालाल और 8 वर्षीय नवीन दोनों चचेरे भाई थे. दोनों गुरुवार को गांव में बने तालाब में नहाने के लिए गए हुए थे. इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने के कारण दोनों तालाब में डूब गए. दोपहर बाद तक जब बच्चे घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने दोनों बच्चों की तलाश शुरू की.
इसी दौरान खेत से लौट रहे ग्रामीणों की नजर तालाब में पड़ी. उन्होंने देखा कि दोनों बच्चों के शव पानी में डूबे हुए थे. ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही दांगीपुरा पुलिस मौके पर पहुंची. बाद में ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों के शवों को तालाब से बाहर निकाल मनोहरथाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया.
थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों की मौजूदगी में दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया. परिजनों के बयान के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर शव उन्हें सौंप दिए गए हैं. दो मासूमों के काल के ग्रास में चले जाने के बाद पूरे गांव में मातम सा पसरा है. वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों ने बताया कि दोनों तालाब में नहाने के लिए साथ ही जाया करते थे. 6 वर्षीय भूरालाल कक्षा एक तथा नवीन कक्षा 2 में पढ़ाई कर रहा था.

