सामान शिफ्ट करने के दौरान उड़ाए 8 लाख के गहने, मुकदमा दर्ज
महिला की शिकायत पर पांच आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : July 9, 2026 at 3:57 PM IST
आगरा: आगरा में रहने वाली एक सैन्य अधिकारी की पत्नी को अपना घर बदलने के लिए सामान को एक जगह से दूसरी जगह सुरक्षित पहुंचाने के लिए उन्होंने एक पैकर्स एंड मूवर्स कंपनी को ठेका दिया. सैन्य अधिकारी की पत्नी का आरोप है कि फर्म के कर्मचारियों ने सामान पहुंचा दिया, लेकिन अलमारी में रखे आठ लाख से अधिक के गहने पार कर दिए, जिसकी शिकायत जब पुलिस से की तो आरोपियों ने चोरी की बात कबूल ली.
सदर थाना की डिफेंस कॉलोनी निवासी शिकायतकर्ता पूनम शर्मा ने सदर थाना पुलिस को बताया कि पति रमन सक्सेना सेना में कैप्टन हैं. उनकी लेह (लद्दाख) में तैनाती है. मैं अपनी बेटी और मां साथ डिफेंस कॉलोनी में रहती हूं. मुझे अपना घर खाली करना था. इसलिए, पैकर्स एंड मूवर्स से संपर्क किया, जिससे फर्म के सत्यभान से बात हुई.
सत्यभान ने सामान दूसरे मकान में रखने के लिए पांच कर्मचारी रवि, सनी, करन कुमार, जितेंद्र जैन और एक अन्य को भेजा था. कर्मचारी अपने साथ वाहन लेकर आए और सभी सामान को पैक किया. इसके बाद सामान दूसरे मकान पर पहुंचा दिया, मगर, जब मैंने सामान चेक किया तो अलमारी से करीब आठ लाख के जेवरात गायब मिले, जिस पर 4 जुलाई को सदर थाना पुलिस से शिकायत की.
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि शिकायतकर्ता पूनम शर्मा का आरोप है कि जब पुलिस से शिकायत की तो कर्मचारियों ने एक रुद्राक्ष की माला, एक चेन, एक अंगूठी और एक टॉप्स वापस कर दिए. कहा कि बाकी सामान भी देंगे. इस बारे में फर्म के मालिक सत्यभान से बात हुई तो सत्यभान ने आश्वासन दिया कि कार्रवाई नहीं करें. जो भी गहने और सामान चोरी हुआ है. उसके बदले में आठ लाख रुपये देंगे, मगर, अब सत्यभान अब रुपये नहीं दे रहा है.
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि कर्मचारी सनी, रवि, करन कुमार, जितेंद्र जैन और सत्यभान समेत पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है.
पहले भी हो चुकी हैं वारदात: आगरा में मूवर्स एंड पैकर्स कंपनी के कर्मचारियों के चोरी करने का यह कोई पहला मामला नहीं है. पहले खंदारी क्षेत्र की महिला के जेवरात भी आवास विकास की फर्म के कर्मचारियों ने पार कर दिए थे.
यह भी पढ़ें: आगरा में SI ने पीड़ित और चोर दोनों से की वसूली; जांच के बाद DCP ने किया निलंबित
यह भी पढ़ें: आगरा: नगर आयुक्त ने आम यात्री बनकर किया सिटी बस में सफर, खुली टिकट चोरी की पोल, कंडक्टर पर एक्शन

