करनाल में सराफा व्यापारी से लूट, बदमाशों ने तेजधार हथियार से किया हमला, 15 लाख कैश और गहने लेकर फरार आरोपी
Jewelry merchant robbed in Karnal: करनाल में सराफा व्यापारी से लूट का मामला सामने आया है.

Published : January 4, 2026 at 8:04 AM IST
करनाल: हरियाणा के करनाल में सराफा व्यापारी से लूट का मामला सामने आया है. देर रात सेक्टर-16 में बाइक सवार बदमाशों ने स्कूटी पर जा रहे दो सराफा कारोबारियों पर जानलेवा हमला किया और लूट की वारदात को अंजाम दिया.
करनाल में सराफा व्यापारी से लूट: जानकारी के अनुसार, एक्टिवा स्कूटी पर जीजा-साला सवार होकर अपनी दुकान से घर लौट रहे थे. उनके पास बैग में करीब 10 से 15 लाख रुपये की नकदी और सोना-चांदी थे. सेक्टर-16 में पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार बदमाशों ने अचानक हमला कर दिया. बदमाशों ने तेजधार हथियार से सिर पर वार कर कारोबारियों से बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए.
एक व्यापारी गंभीर रूप से घायल: इस हमले में जीजा को गंभीर चोटें आईं है. जिसके बाद वो सड़क से करीब 10 फीट नीचे झाड़ियों में जा गिरे. साले ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई. घटना के तुरंत बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने घायल को अपनी गाड़ी में डालकर कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया.
पुलिस व सीआईए मौके पर सक्रिय: घटना की सूचना मिलते ही करनाल पुलिस, सीआईए की टीमें और डीएसपी राजीव कुमार अस्पताल पहुंचे. पुलिस ने पीड़ितों के परिजनों से पूछताछ शुरू की. डीएसपी राजीव कुमार ने बताया कि "पीड़ित का इलाज चल रहा है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने तेजधार हथियार से हमला कर नकदी और सोना-चांदी लूटी है. क्राइम टीम मामले की गहन जांच कर रही है. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा."
परिजनों की आपबीती: परिजनों ने बताया कि वे सेक्टर-16 के निवासी हैं और सराफा बाजार में मयूर सोना-चांदी के नाम से उनकी दुकान है. रोज की तरह दोनों दुकान से लौट रहे थे. सोना पिघलाने के काम के कारण उनके पास ज्यादा कैश और जेवरात थे, जिसका फायदा उठाकर बदमाशों ने इस सुनियोजित वारदात को अंजाम दिया.
ये भी पढ़ें- शराब पिलाने से मना किया तो चाकू गोद कर शख्स की हत्या, चिकन की दुकान पर हुआ विवाद

