ETV Bharat / state

पीएम सूर्यघर योजना में मीटर और सब्सिडी के बदले 50 हजार की रिश्वत लेते जेईएन–एईएन गिरफ्तार

एसीबी को शिकायत मिली थी कि कनिष्ठ अभियंता और सहायक अभियंता मिलकर 90 हजार रुपए रिश्वत की मांग कर रहे थे.

Accused JEN
आरोपी जेईएन (ETV Bharat Bharatpur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 9, 2026 at 6:34 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

भरतपुर: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की एसीबी चौकी भरतपुर इकाई ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जेवीवीएनएल उच्चैन में तैनात कनिष्ठ अभियंता अभिषेक और सहायक अभियंता मोहित कटियार को 50 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया. यह कार्रवाई पीएम सूर्यघर योजना के तहत रूफटॉप सोलर प्लांट के मीटर जारी करने और सब्सिडी स्वीकृत कराने के बदले रिश्वत मांगने के मामले में की गई.

एसीबी राजस्थान, जयपुर के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी भरतपुर को एक शिकायत प्राप्त हुई थी. शिकायत में परिवादी ने आरोप लगाया कि उसकी फर्म द्वारा पीएम सूर्यघर योजना के अंतर्गत रूफटॉप सोलर प्लांट का इंस्टॉलेशन किया गया है, लेकिन मीटर जारी करने और सब्सिडी अप्रूवल की एवज में जेवीवीएनएल उच्चैन कार्यालय में पदस्थ कनिष्ठ अभियंता अभिषेक और सहायक अभियंता मोहित कटियार द्वारा मिलकर 90 हजार रुपए रिश्वत की मांग की जा रही थी. रिश्वत नहीं देने पर परिवादी को लगातार परेशान किया जा रहा था.

कार्रवाई की भनक से जेईएन-एईएन ने की भागने की कोशिश... (ETV Bharat Bharatpur)

पढ़ें: झालावाड़: जलदाय विभाग के इंजीनियर ने रिश्वत में मांगा आईफोन, ACB ने रंगे हाथों किया गिरफ्तार

शिकायत का सत्यापन होने के बाद एसीबी रेंज भरतपुर के उप महानिरीक्षक पुलिस राजेश सिंह के सुपरविजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एसीबी भरतपुर अमित सिंह के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया गया. तय योजना के तहत आरोपी कनिष्ठ अभियंता अभिषेक को उसके घर के बाहर सड़क पर परिवादी से पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया. इस मामले में सहायक अभियंता मोहित कटियार की भूमिका भी सामने आई है.

पढ़ें: लोन के नाम पर रिश्वतखोरी : बैंक का कृषि प्रबंधक और रिश्तेदार 1.50 लाख रुपए लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

एएसपी अमित सिंह ने बताया कि जेईएन अभिषेक को कार्रवाई की भनक लग गई, तो स्कूटी लेके भागा, लेकिन टीम ने पीछा कर पकड़ लिया. वहीं एईएन मोहित को पीछा कर उत्तर प्रदेश के किरावली से पकड़ा. इस दौरान जेईएन अभिषेक गिर पड़ा और चोट लग गई. फिलहाल आरोपियों से पूछताछ और आगे की कार्रवाई की जा रही है. एसीबी द्वारा प्रकरण भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज कर लिया गया है. मामले में अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है.