JEE MAIN 2026: पेपर 2 का परिणाम जारी, BArch में केरल के सूर्यतेजुस व BPlanning गौरी शंकर रहे टॉपर
जेईई मेन 2026 के जनवरी सेशन के पेपर 2 के बी प्लानिंग में जनरल कैटेगरी में राजस्थान के अर्णव शुक्ला टॉपर रहे.

Published : February 24, 2026 at 5:30 PM IST
कोटा: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा में जॉइंट एंट्रेंस एग्जाम मेन (JEE MAIN 2026) के जनवरी सेशन के पेपर 2 का परिणाम मंगलवार को घोषित कर दिया. इसमें बैचलर ऑफ आर्किटेक्ट (BArch) और बैचलर का प्लानिंग (BPlanning) का परिणाम जारी किया गया. इस परीक्षा में केरल के रहने वाले सूर्यतेजुस एस 100 परसेंटाइल लाकर बीआर्क में टॉपर रहे. जबकि बीप्लानिंग में भी केरल के ही गौरीशंकर वी टॉपर रहे. उनके भी हंड्रेड परसेंटाइल अंक आए हैं. इसी तरह से बी आर्क में फीमेल टॉपर तमिलनाडु की निवन्दथि वेंकटेश और बी प्लानिंग में केरल की एंजेल एम फैबिन टॉपर घोषित की गई हैं. एनटीए ने बीआर्क में 39 और बी प्लानिंग में 41 स्टेट टॉपर्स की घोषणा की है.
एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा ने बताया कि बीआर्क में जनरल कैटेगरी में महाराष्ट्र के सारा शकील अख्तर बोहरी टॉपर रही हैं. ईडब्ल्यूएस में आंध्र प्रदेश के ससंपुरी तोषिणी, ओबीसी में केरल के सूर्यतेजुस, एसी में बिहार के निखिल आनंद और एसटी में लक्षद्वीप के आदिल सीएन टॉप पर घोषित किए गए हैं. इसी तरह से बी प्लानिंग में जनरल कैटेगरी में राजस्थान के अर्णव शुक्ला, ईडब्ल्यूएस में कर्नाटक के नागदेव एमजी, ओबीसी में केरल के गौरीशंकर, एसी में गुजरात के परमार मृगणश हरिश्चंद्र व एसटी में आंध्र प्रदेश के कुंभा जीवन साईं राम टॉपर घोषित किए गए हैं. इसी तरह से फिजिकली हैंडिकैप्ड कैटेगरी में बिहार की रूक्षणी कुमारी बीआर्क व आंध्र प्रदेश के बलगम आदित्य वीर विजय भार्गव बी प्लानिंग की टॉपर घोषित हुई हैं.
पढ़ें: JEE MAIN 2026: देश के 27 स्टेट नहीं कर पाए ये कमाल, इन 8 स्टेट टॉपर्स ने ही हासिल किए 100 परसेंटाइल
BArch में 70 तो BPlanning में 65 फीसदी ने दिया एग्जाम: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के जारी किए गए आंकड़े के अनुसार बीआर्क की परीक्षा में 64786 विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था. इसमें उपस्थित का प्रतिशत 70.16 यानी 45452 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी. वहीं बी प्लानिंग की परीक्षा में 32366 ने रजिस्ट्रेशन कराया था. इनमें से 65.09 फीसदी यानी 21067 ने एग्जाम दिया. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने परिणाम जारी करने के कुछ देर पहले ही फाइनल आंसर की भी जारी कर दी थी. जिसमें फाइनल आंसर की में एप्टीट्यूड टेस्ट में 38वें प्रश्न को ड्रॉप किया गया. जबकि एप्टीट्यूड टेस्ट में नंबर 6 में 2 उत्तरों को सही माना गया.

