नीतीश के मंत्री के सामने आपस में भिड़े JDU कार्यकर्ता, सम्मान समारोह के दौरान धक्का-मुक्की
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृहक्षेत्र में उनके मंत्री के सामने ही जेडीयू कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए. स्थिति धक्का-मुक्की तक पहुंच गई. पढ़ें..

Published : December 28, 2025 at 2:01 PM IST
नालंदा: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए की ऐतिहासिक जीत के उपलक्ष्य में बिहार शरीफ के सोगरा हाई स्कूल मैदान में जेडीयू की ओर से सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य चुनाव में निष्ठा और समर्पण से काम करने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मानित करना था. कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा था लेकिन इसी दौरान जेडीयू के दो गुटों के बीच मंच के सामने ही कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की और गाली-गलौज में बदल गई. जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
जेडीयू कार्यकर्ताओं में नोकझोंक: जेडीयू कार्यकर्ताओं का आरोप है कि अस्थावां विधानसभा क्षेत्र से विधायक डॉ. जितेंद्र कुमार द्वारा सम्मान समारोह में आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया जा रहा था, जिसका कुछ कार्यकर्ताओं ने विरोध किया. जिसके बाद जेडीयू के दो गुट आमने-सामने आ गए.
क्या है आरोप?: विरोध कर रहे कार्यकर्ताओं का कहना है कि नीतीश कुमार का कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने का उद्देश्य नेक है लेकिन आस्थावां विधानसभा क्षेत्र में जेडीयू विधायक द्वारा दोहरी नीति अपनाई जा रही है. उनका आरोप है कि जिले के विभिन्न प्रकोष्ठों के जिलाध्यक्ष और प्रखंड अध्यक्षों को बुलाने के बावजूद कार्यक्रम में केवल एक खास गुट के कार्यकर्ताओं को ही सम्मानित किया गया.

"पार्टी के सच्चे कार्यकर्ताओं की जगह साइबर माफिया और शराब माफिया से जुड़े लोगों को सम्मानित किया गया है, जिसका हमलोगों ने विरोध किया है."- नाराज जेडीयू कार्यकर्ता

क्या बोले मंत्री?: वहीं, इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के तौर पर सामाजिक कल्याण मंत्री मदन साहनी भी मौजूद थे. उन्होंने इस पूरे मामले पर सफाई देते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों को पहले ही चिह्नित किया गया था. ऐसे लोगों को कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किया गया था. उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने हंगामा किया, वही पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहे हैं. मंत्री ने यह भी बताया कि

"आपस में कहीं कोई नहीं भिड़ा है. जिन लोगों ने विधानसभा चुनाव में जितेंद्र कुमार का विरोध किया था, वही लोग हमांगा करने की कोशिश कर रहे थे. इस मामले को लेकर विधायक की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है."- मदन साहनी, मंत्री, बिहार सरकार
ये भी पढ़ें:
सियासी चर्चा : कुनबा बढ़ाने में लगी JDU, क्या बिहार में फिर AIMIM के साथ होगा 'खेला'?
निशांत राजनीति में आएंगे? संजय झा बोले- 'फैसला तो इन्हीं को करना है'

