जदयू विधायक सरयू राय ने सदन से उठाया दामोदर प्रदूषण का मुद्दा, तस्वीरें सार्वजनिक की
झारखंड बजट सत्र के दौरान सदन में दामोदर प्रदूषण का मुद्दा जदयू विधायक सरयू राय ने उठाया है.

Published : February 21, 2026 at 9:22 PM IST
रांची: जदयू विधायक और पूर्व मंत्री सरयू राय ने शनिवार को सदन में धनबाद जिले के बारनी घाट पर दामोदर नद की धारा बदलकर और भारी मशीन लगाकर अवैध खनन करने का मुद्दा उठाया. विधायक सरयू राय ने सदन में अपनी बात रखने के बाद प्रदूषित हो रही नद की तस्वीर भी सार्वजनिक की. सरयू राय ने कहा कि दामोदर नद के किनारे मुहान खोलकर अवैध खनन जारी है. अवैध खनन के कारण ग्रामीण पेयजल परियोजना नाकाम हो रही है.
NTPC और डीवीसी पर नियमों का उल्लंघन का आरोप
पूर्व मंत्री और जदयू विधायक सरयू राय ने आज ध्यानाकर्षण के दौरान नदी प्रदूषण से जुड़े उठाये गए मुद्दे की जानकारी देते हुए कहा कि ये जो तस्वीरें हैं वह कल की मंगाई गई तस्वीरें हैं. तस्वीर में साफ है कि कैसे NTPC और चंद्रपुरा डीवीसी द्वारा एनजीटी और झारखंड बिल्डिंग बाइलॉज का उल्लंघन किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि एनजीटी का गाइडलाइन है कि पहाड़ी क्षेत्र में नदी से 50 मीटर की दूरी तक राख (ऐश) का डिस्पोजल नहीं होगा, लेकिन यहां तो नदी को ही प्रदूषित किया जा रहा है.
राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड पर भी उठाए सवाल
मीडिया से बात करते हुए जदयू विधायक सरयू राय ने कहा कि एक अहम सवाल यह है कि अगर झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम मौके पर जाकर नदियों में हो रहे प्रदूषण और अवैध निर्माण का जायजा लिया है तो उसी समय टीम ने अवैध दीवार निर्माण का काम क्यों नहीं रुकवाया. अब 15 दिन में रिपोर्ट तैयार होगी, तब तो नदी क्षेत्र में दीवार खड़ी हो जाएगी.

ये भी पढ़ें-
हाथी-मानव संघर्ष पर सदन में चिंता, मुआवजा बढ़ेगा! सीएम बोले- बन रहा है एसओपी
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी का विवादित बयान, कहा- झारखंड में SIR का होगा पुरजोर विरोध
विधायक सरयू राय ने एमजीएम अस्पताल में जलसंकट का मामला उठाया, मंत्री इरफान अंसारी ने दिया ये जवाब

