ETV Bharat / state

30 अगस्त को लखनऊ आ रहे हैं जयंत चौधरी, आगामी चुनाव को लेकर बूथ स्तर तक रणनीति बनाएंगे

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होने वाली बैठक में आरएलडी अध्यक्ष जयंत चौधरी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे और अखिलेश यादव के बयानों का जवाब देंगे.

Photo Credit: ETV Bharat
आरएलडी का नया संगठनात्मक मॉडल: युवाओं और Gen-Z को कमान, क्षेत्रीय अध्यक्षों की लिखित परीक्षा से हड़कंप. (Photo Credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : August 27, 2026 at 10:28 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा चौधरी जयंत सिंह के एक पुराने बयान को उठाए जाने के बाद सपा और रालोद में बयानबाजी तेज हो गई है. इसी बीच आगामी 30 अगस्त को लखनऊ में राजनीतिक तापमान और चढ़ने जा रहा है. राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) के अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी लखनऊ आ रहे हैं, जहां वह अखिलेश यादव के बयानों पर पलटवार कर सकते हैं. आरएलडी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस दौरे की जानकारी दी.

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होगी बड़ी संगठनात्मक बैठक: अनुपम मिश्रा ने बताया कि 30 अगस्त को गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में पार्टी के शीर्ष पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी. यह कार्यक्रम संगठन के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसमें आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर विस्तृत रणनीति पर विचार-विमर्श होगा. जयंत चौधरी इस दौरान कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और नई ऊर्जा के साथ काम करने का संदेश देंगे. इसके साथ ही प्रदेश के सभी क्षेत्रों में पार्टी की सक्रियता बढ़ाने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे.

ब्राह्मण और सवर्ण समाज के चेहरे आरएलडी में होंगे शामिल: पार्टी नेतृत्व का कहना है कि चौधरी चरण सिंह के सामाजिक न्याय और किसान हित के विचारों से प्रभावित होकर समाज का हर वर्ग आरएलडी से जुड़ रहा है. 30 अगस्त के कार्यक्रम में ब्राह्मण और सवर्ण समाज के कई प्रमुख राजनीतिक व सामाजिक चेहरे अपने समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता लेंगे. पूर्वांचल समेत प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में लोग लखनऊ पहुंचेंगे. इन नए चेहरों के शामिल होने से आरएलडी को नया सामाजिक आधार और मजबूती मिलने की उम्मीद है.

युवाओं और Gen-Z को आगे बढ़ाने पर जोर: अनुपम मिश्रा ने कहा कि आरएलडी अब केवल पश्चिमी यूपी तक सीमित नहीं है, बल्कि पूर्वांचल, मध्यांचल और बुंदेलखंड में भी इसका तेजी से विस्तार हो रहा है. पार्टी में युवाओं और Gen-Z को आगे बढ़ाने के लिए नए संगठनात्मक बदलाव किए जा रहे हैं. हाल ही में क्षेत्रीय अध्यक्षों की लिखित परीक्षा कराई गई, जिससे यह संदेश दिया गया है कि पद के साथ जवाबदेही भी तय होगी. प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने बताया कि इस कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है.
यह भी पढ़ें- एटा में मंत्री बेबी रानी मौर्य डीएम पर भड़कीं: फोन न उठाने पर प्रोटोकॉल याद दिलाते हुए कहा- 'क्या आप हमसे बड़े हैं?'