जयंत चौधरी का अखिलेश यादव पर पलटवार- ABCD के बाद भी चीजें आती हैं, इस बार दिखाएंगे
चीनी के बढ़े दाम पर जयंत चौधरी ने कहा कि गन्ने और किसान की कमाई से घर-घर पहुंची मिठास

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : August 27, 2026 at 2:15 PM IST
|Updated : August 27, 2026 at 6:23 PM IST
बागपत : केंद्रीय राज्यमंत्री एवं रालोद प्रमुख जयंत चौधरी ने गुरुवार को खेकड़ा के गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज में लाइब्रेरी का उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि एबीसीडी के बाद भी चीजें आती हैं, इस बार दिखाएंगे उनको.
जयंत चौधरी ने अपने कार्यकर्ताओं से संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि किसी को भी लक्ष्मण रेखा नहीं लांघनी चाहिए. राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन मर्यादा और संयम बनाए रखना जरूरी है. वहीं, चीनी के बढ़े दामों को लेकर जयंत चौधरी ने कहा कि नया गन्ना सीजन शुरू होने वाला है. गन्ने और किसान की कमाई से घर-घर मिठास पहुंची है. इसका लाभ केवल किसान को ही नहीं, बल्कि चीनी मिलों के श्रमिकों और इंडस्ट्री को भी मिल रहा है.
उन्होंने कहा कि विपक्ष में रहकर भी अखिलेश यादव को किसानों की बात समझ नहीं आ रही है. उन्हें किसानों को लाभकारी मूल्य दिलाने की बात करनी चाहिए थी, लेकिन वह रसगुल्ला महंगा होने की बात कर रहे हैं. एनडीए में रालोद को अधिक सीटें दिए जाने के अखिलेश यादव के बयान पर जयंत चौधरी ने व्यंग्य करते हुए कहा, पैरवी के लिए उन्हें ही भेजें क्या?

इस दौरान यूजीसी को लेकर जयंत चौधरी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में रोक लगाई है और उसका पालन किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान भी उन्होंने कहा है कि चौधरी चरण सिंह के आदर्शों और संस्कारों से आने वाली पीढ़ियों को जोड़ा जाना चाहिए.
'केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं'
जयंत चौधरी ने कहा कि स्कूलों को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं है. इसमें अभिभावकों और बच्चों की जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए. इसी उद्देश्य से 36 स्कूलों में प्रोजेक्ट पुस्तकालय के तहत आनंदया फाउंडेशन द्वारा लाइब्रेरी तैयार की गई हैं. खेकड़ा के गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज में लाइब्रेरी का उद्घाटन इसी पहल के तहत किया गया. केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी खेकड़ा में रणजीत सिंह और बसी गांव में छोटूराम की तेहरवीं पर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी.

सिंगर अंकित बालियान की हत्या पर भी दिया बयान
केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी गुरुवार को चौधरी अजित सिंह ज्ञान वाटिका (जाट भवन) भी पहुंचे, यहां उन्होंने छात्रों से संवाद किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि किसानों को गन्ने का अच्छा मूल्य मिले, इसके लिए मुख्यमंत्री से वार्ता चल रही है. सरकार चीनी मिलों पर लगातार दबाव बना रही है. इसी का परिणाम है कि किसानों को रिकॉर्ड भुगतान किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि गन्ने के अलावा गुड़ और खांडसारी के क्षेत्र में भी किसानों को अच्छा लाभ मिल रहा है.
वहीं, शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के सवाल पर जयंत चौधरी ने कहा कि विपक्षी जाति तलाशकर प्रहार कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि हाल ही में दिए गए बयान का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है और अब उसकी भरपाई की जा रही है. उन्होंने भरोसा जताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस अपराध पर नियंत्रण लगाएगी.
ये भी पढ़ें- किसान नेता राकेश टिकैत ने नेपाल से जारी किया वीडियो; कहा- बड़ी त्रासदी हुई, हम सब सुरक्षित

