ETV Bharat / state

बहू निकली ससुर की कातिल, पारिवारिक विवाद में रची हत्या की साजिश

जशपुर पुलिस ने 24 घंटे में अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए महिला समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया.

JASHPUR CRIME
जशपुर हत्या के आरोपी (ETV Bharat Chhattisgarh)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : July 6, 2026 at 7:18 AM IST

|

Updated : July 6, 2026 at 7:37 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

जशपुर: दुलदुला थाना क्षेत्र के ग्राम बोड़ाछापर में 70 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या के सनसनीखेज मामले का जशपुर पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. पुलिस ने वैज्ञानिक जांच, तकनीकी साक्ष्यों और त्वरित कार्रवाई के आधार पर मृतक की बहू सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

जांच में सामने आया कि लंबे समय से चले आ रहे पारिवारिक विवाद के कारण बहू ने अपने परिचित युवकों के साथ मिलकर हत्या की पूरी साजिश रची थी. डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार और एसडीओपी जशपुर के मार्गदर्शन में थाना दुलदुला पुलिस ने इस अंधे हत्याकांड का सफल खुलासा किया.

घर के भीतर मिला था हाथ पैर बंधा शव

पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को थाना दुलदुला क्षेत्र के ग्राम बोड़ाजोर निवासी चुगरू प्रधान (70 वर्ष) अपने घर में मृत अवस्था में मिले थे. उनके हाथ-पैर बंधे हुए थे. शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एफएसएल टीम डॉग स्क्वॉड की सहायता से घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए गए.

तकनीकी जांच और पूछताछ से खुला हत्या का राज

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित की. तकनीकी विश्लेषण, साइबर इनपुट, मुखबिरों से मिली सूचना और संदिग्धों से गहन पूछताछ के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले. जांच में पता चला कि मृतक का अपनी बहू सुगंती बेसरा के साथ लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था. इसी रंजिश के चलते उसने अपने परिचितों के साथ मिलकर हत्या की साजिश बनाई.

आधी रात को पहुंचे आरोपी, बेरहमी से की हत्या

पुलिस जांच में सामने आया कि 3 और 4 जुलाई 2026 की मध्यरात्रि आरोपी मोटरसाइकिल से मृतक के घर पहुंचे. दरवाजा खुलवाने के बाद उन्होंने लकड़ी के फट्टे और मुक्कों से बुजुर्ग पर हमला किया.इसके बाद मृतक के हाथ-पैर बांध दिए गए और मुंह में कपड़ा ठूंसकर उनकी हत्या कर दी गई. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए.

पूछताछ में कबूला अपराध, हथियार और मोबाइल बरामद

पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें सभी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का फट्टा, एक मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए. पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया.

गिरफ्तार आरोपी

  • सुगंती बेसरा (36 वर्ष), निवासी ग्राम बोड़ाजोर, थाना दुलदुला, जिला जशपुर – मृतक की बहू एवं मुख्य साजिशकर्ता
  • साहिल उर्फ राजा खान (22 वर्ष), निवासी थाना दुलदुला, जिला जशपुर
  • आनंद यादव (20 वर्ष), निवासी ग्राम परसाटोली, थाना दुलदुला, जिला जशपुर
  • रोहित सिंह (21 वर्ष), निवासी ग्राम मधुटोली, थाना जशपुर, जिला जशपुर।

टीमवर्क और वैज्ञानिक जांच से मिली सफलता

इस अंधे हत्याकांड का 24 घंटे के भीतर खुलासा करने में थाना दुलदुला पुलिस, साइबर सेल, एफएसएल टीम और विवेचना में शामिल सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस की सतर्कता, वैज्ञानिक जांच, तकनीकी विश्लेषण और समन्वित कार्रवाई के चलते इस गंभीर हत्याकांड का तेजी से खुलासा संभव हो सका.

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है. हर गंभीर अपराध का त्वरित, वैज्ञानिक एवं निष्पक्ष तरीके से खुलासा कर दोषियों को कानून के कठघरे तक पहुंचाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है.

नकटी पर सियासी संग्राम: भाजपा बोली- कांग्रेस फैला रही झूठ और अराजकता, कांग्रेस का पलटवार- गरीबों के घर उजाड़कर पाप नहीं धुलेगा
सूरजपुर में अवैध खनन ने ली दो लोगों की जान, बोल्डर हटाने के दौरान हादसा, जांच में जुटी पुलिस
चारामा में दुकानों और मकानों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 4 आरोपी और एक नाबालिग पकड़े गए
Last Updated : July 6, 2026 at 7:37 AM IST