क्या आप जानते हैं सिरास्त्रायण किसे कहते हैं और बाइकर को ये क्यों आवश्यक है, सड़क सुरक्षा के लिए पुलिस की पहल
जांजगीर-चांपा में नए साल पर सड़क सुरक्षा माह की शुरुआत हुई. पुलिस ने हेलमेट रैली निकाली. SP ने कहा कि ये बाइकर का सिरास्त्रायण हैं.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : January 2, 2026 at 7:24 PM IST
जांजगीर-चांपा: जिले में नए साल की शुरुआत के साथ ही सड़क सुरक्षा माह की शुरुआत की गई. इस अवसर पर पुलिस विभाग ने वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी देने के साथ-साथ जागरूकता अभियान भी चलाया गया. इस दौरान हेलमेट रैली निकाली गई. SP ने कहा कि सिरस्त्रायण यानी हेलमेट जो हमारे सिर की रक्षा करता है वो सभी 2 व्हीलर चलाने वालों के लिए जरूरी है.
हमने सिरस्त्रायण रैली निकाली है, यानी हेलमेट जागरूकता रैली, हेलमेट का हिंदी नाम सिरस्त्रायण हैं, हादसे में बाइकर्स की कुल मृत्यु जो होती है उसमें से 60 प्रतिशत बिना हेलमेट लगाए वालों की होती है ऐसे में आप समझ सकते हैं कि हेलमेट कितना जरूरी है- विजय कुमार पांडेय, SP, जांजगीर
रक्तदान अभियान भी चला: सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों की संख्या को कम करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने स्वयं रक्तदान कर अभियान की शुरुआत की. उन्होंने लोगों से अपील की कि रक्तदान कर वे दूसरों की जान बचा सकते हैं और हेलमेट पहनकर हादसों में होने वाली गंभीर चोटों से बचा जा सकता है. सड़क सुरक्षा माह की शुरुआत पर पुलिस जवानों और आम नागरिकों ने मिलकर 50 यूनिट रक्तदान किया. इसके साथ ही कंट्रोल रूम से हेलमेट जागरूकता बाइक रैली निकाली गई, जो नगर के प्रमुख चौक-चौराहों से होते हुए वापस कंट्रोल रूम में समाप्त हुई.
हमारी यही नारा था कि रक्तदान करें लेकिन सड़कों पर नहीं, मतलब बिना हेलमेट पहने हादसे का शिकार होकर सड़क पर अपना रक्त ना बहाएं. हेलमेट पहने और सही जगह रक्तदान कर दूसरों की भी जान बचाएं- उदयन बेहार, यातायात ASP

हेलमेट अनिवार्य करने पर जोर: पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सिर शरीर का सबसे संवेदनशील अंग है और सिर में चोट लगने से मृत्यु की आशंका अधिक होती है. इसलिए बाइक चलाते समय हेलमेट पहनना बेहद जरूरी है. पुलिस विभाग के सभी बाइक चालकों को भी हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं.

आंकड़े और पुलिस की अपील: यातायात एएसपी उदयन बेहार ने बताया कि पिछले वर्ष जिले में 240 लोगों की सड़क हादसों में मौत हुई, जिनमें से 149 लोग बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे थे. उन्होंने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की.


