नोएडा में जन्माष्टमी को लेकर पुलिस अलर्ट, 2500 से अधिक जवान संभालेंगे सुरक्षा व्यवस्था; आसमान से होगी निगरानी
जन्माष्टमी पर्व को लेकर पुलिस ने मंदिर समितियों के साथ बैठक कर सुरक्षा संबंधी जरूरी दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं.

Published : September 1, 2026 at 6:46 PM IST
नई दिल्ली/नोएडा: आगामी जन्माष्टमी पर्व को लेकर गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं. नोएडा, ग्रेटर नोएडा और सेंट्रल नोएडा में जन्माष्टमी समारोह वाले प्रमुख स्थानों को चिन्हित कर वहां सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया जा रहा है. पुलिस ने श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर समितियों के साथ बैठक कर सुरक्षा संबंधी जरूरी दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं.
ईटीवी भारत से बातचीत में ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर (कानून व्यवस्था) राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि जनपद में दो प्रमुख स्थान ऐसे हैं, जहां जन्माष्टमी के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. इनमें इस्कॉन मंदिर और सनातन मंदिर प्रमुख हैं. इन स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की गई है.
2500 से अधिक पुलिसकर्मियों की होगी तैनाती
ज्वॉइंट पुलिस कमिश्नर ने बताया कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और सेंट्रल नोएडा में थाना प्रभारियों और डीसीपी स्तर के अधिकारियों ने जन्माष्टमी समारोह वाले स्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया है. मंदिर समितियों के साथ बैठक कर सीसीटीवी कैमरे और पर्याप्त संख्या में वॉलिंटियर तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने बताया कि तीनों जोन में 2500 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी. इनमें वर्दी के साथ-साथ सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे. इनका उद्देश्य कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले लोगों पर विशेष निगरानी रखना होगा.
ड्रोन से होगी भीड़भाड़ वाले इलाकों की निगरानी
जिन मंदिरों और आयोजन स्थलों पर अत्यधिक भीड़ होने की संभावना है, वहां ड्रोन के जरिए निगरानी की जाएगी. पुलिस ने भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग स्तर पर तैयारी की है. राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि स्थानीय पुलिस के साथ इंटेलिजेंस टीमों को भी सक्रिय किया गया है, जो संदिग्ध गतिविधियों और लोगों की आवाजाही पर नजर रखेंगी. वहीं, अधिक भीड़ वाले मंदिरों में सीसीटीवी कंट्रोल रूम बनाए जा रहे हैं, ताकि कैमरों के जरिए पूरे परिसर की निगरानी की जा सके.
ट्रैफिक व्यवस्था के लिए भी रणनीति तैयार
जन्माष्टमी के दौरान मंदिरों के आसपास बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष योजना तैयार की गई है. पुलिस का प्रयास है कि श्रद्धालुओं की आवाजाही के साथ-साथ आम लोगों को भी ट्रैफिक जाम की समस्या का सामना न करना पड़े. ज्वॉइंट पुलिस कमिश्नर ने कहा कि जन्माष्टमी पर्व को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और यातायात समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए तैयारी की गई है. गौतम बुद्ध नगर पुलिस किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है.
इसे भी पढ़ें
- कब है जन्माष्टमी 4 या 5 सितंबर? कालकाजी मंदिर के पीठाधीश्वर ने दी जानकारी; बताया सही मुहूर्त और पूजा-विधि
- दिल्ली के बिरला मंदिर में दिखी मथुरा-वृंदावन वाली रौनक, जानिए श्रद्धालुओं ने क्या कहा ?
- दिल्ली: जन्माष्टमी को लेकर इस्कॉन मंदिर में भव्य तैयारी, मोर-थीम पर होगी सजावट; 1700 जवान संभालेंगे सुरक्षा

