मॉर्निंग वॉक पर निकले 3 बुजुर्गों की मौत, जांजगीर-चांपा में भारतमाला रोड पर अज्ञात वाहन ने कुचला
बलौदा थाना इलाके में एक ही गांव के तीन बुजुर्ग भारतमाला रोड पर निकले थे टहलने, टक्कर के बाद आरोपी चालक वाहन लेकर फरार

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : June 28, 2026 at 4:35 PM IST
जांजगीर-चांपा: जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ. रोजाना की तरह ग्राम डोंगरी-कोरबी के रहने वाले तीन बुजुर्ग सुबह 5 से 6 बजे के बीच भारतमाला रोड पर मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे. इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने तीनों को चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों बुजुर्गों की मौके पर ही मौत हो गई और आरोपी चालक वाहन लेकर वहां से फरार हो गया.
मृतकों की हुई पहचान
इस हादसे में जान गंवाने वाले तीनों व्यक्ति आपस में परिचित थे और एक ही गांव के रहने वाले थे. मृतकों की पहचान 62 वर्षीय दलहरण दास वैष्णव, 52 वर्षीय केदार बरेट और 70 वर्षीय संतु यादव के रूप में हुई है. सुबह-सुबह हुई इस अचानक मौत की खबर से पूरे डोंगरी-कोरबी गांव में मातम पसर गया.
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शवों को अंतिम संस्कार के लिए उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा. इस मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है.
आरोपी वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
फरार अज्ञात गाड़ी को ढूंढना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है. दरअसल, भारतमाला सड़क मार्ग गांव की आबादी से काफी बाहर बना हुआ है, जिसके कारण वहां आने-जाने वाली गाड़ियों पर ग्रामीणों की नजर नहीं पड़ पाती. साथ ही इस हाईवे पर गाड़ियां बहुत तेज रफ्तार में चलती हैं. हालांकि, मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पुलिस अधीक्षक (SP) विजय कुमार पांडेय ने आरोपी वाहन की जल्द से जल्द पहचान करने और उसे पकड़ने के लिए पुलिस टीमों को काम पर लगा दिया है.

