भिलाई में भव्य श्रीराम कथा, देवेंद्र यादव, अमित जोगी भी पहुंचे, भूपेश बघेल और बागेश्वर बाबा विवाद पर दी प्रतिक्रिया
भिलाई के जामुल में भक्ति और राजनीति का संगम देखने को मिला. अमित जोगी ने RSS और बजरंग दल की तुलना मंथरा से की.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : January 4, 2026 at 6:07 PM IST
भिलाई: जामुल के शिवपुरी स्टेडियम में कथावाचक श्रीमज्जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी डॉ. राघवाचार्य महाराज श्रीराम कथा कर रहे हैं. प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा स्थल पर पहुंच रहे हैं. इस बीच भिलाईनगर विधायक देवेंद्र यादव, JCCJ अध्यक्ष अमित जोगी समेत कई राजनीतिक हस्तियां भी पहुंची. इस दौरान पूर्व CM भूपेश बघेल के बागेश्वर बाबा पर दिए बयान पर उन्होंने प्रतिक्रिया दी.
'विवाद से दूर रहना चाहता हूं': विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि उन्होंने कथा में आकर गुरुजी का आशीर्वाद लिया है और भारी संख्या में जामुलवासी कथा में शामिल हो रहे हैं. उन्होंने सभी से रामकथा के वचनों को जीवन में अपनाने की अपील की. साथ ही धीरेंद्र शास्त्री और डॉ. राघवाचार्य महाराज को लेकर कहा कि राजनीति में रहते हुए वे जनता की आस्था का सम्मान करते हैं और इस विषय पर विवाद से दूर रहना चाहते हैं.
मैं इस लड़ाई का पार्ट नहीं हूं, व्यक्तिगत जीवन में मैं यह मानता हूं कि सबकी अपनी आस्था है और आस्था का सम्मान जरूरी है- देवेंद्र यादव, विधायक

अजीत जोगी का भूपेश बघेल पर बयान: JCCJ पार्टी के अध्यक्ष अमित जोगी ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के हालिया बयानों पर टिप्पणी की. किसी भी आध्यात्मिक व्यक्ति पर राजनीतिक व्यक्तियों को कोई टिप्पणी नहीं करनी चाहिए.
ऐसी बातें करके उन्होंने अपने और अपने स्वर्गीय पिताजी के विचारों के बीच जो लोगों को अंतर दिखता था उस अंतर को पाटने का निर्णायक कदम लिया है.- अमित जोगी, अध्यक्ष, JCCJ

अमित जोगी का बजरंग दल पर भी तंज: अमित जोगी ने बजरंग दल और RSS पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग नफरत फैलाकर रामायण के मूल उद्देश्य का मखौल बना रहे हैं. उन्होंने इसे मंथरा के रूपक से जोड़ा और कहा कि छत्तीसगढ़ में भी ऐसे लोग समाज को बांटने का काम कर रहे हैं. मंथरा ने जैसे कैकेयी के मन में मोह, डर, क्रोध बोया और सबको आपस में लड़ा दिया. इसी तरह छत्तीसगढ़ में मंथराएं घूम रही हैं, जो नफरत फैलाकर लड़ा रहे हैं.

कबीर पंथ के असंग देव साहब ने भी की सराहना: धीरेंद्र शास्त्री के प्रयासों की सराहना करते हुए असंग देव साहब ने कहा कि वे धर्म से भटके लोगों को जागृत करने का कार्य कर रहे हैं. जैसे राम के विरोधी हैं वैसे ही संतों के भी आलोचक होते हैं, लेकिन संतों का उद्देश्य समाज को सही मार्ग दिखाना है.
बागी लोगों को सही राह दिखा रहे हैं इसलिए वे बागेश्वर बाबा हैं, जो धर्म को भूल गए हैं उन्हें जागृत करने का काम कर रहे हैं. उनके विरोध में बोलना गलत है- असंग देव साहब महाराज, कबीर पंथ प्रमुख
जामुल में अयोध्या के प्रख्यात कथावाचक श्रीमज्जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी डॉ. राघवाचार्य महाराज (श्रीराम लला सदन देवस्थान ट्रस्ट, अयोध्या) कथा वाचन कर रहे हैं. कथा में समुद्र मंथन, श्रीकृष्ण जन्म, दक्ष प्रजापति, भगवान शंकर, राजा परीक्षित और इंद्र-अहिल्या जैसे प्रसंग शामिल हैं. महाराज ने कहा कि जीवन की हर परिस्थिति राम के अधीन है, इसलिए धैर्य, भक्ति और समर्पण जरूरी है.

कथा में कौन-कौन हुए शामिल: कबीर पंथ के प्रमुख राष्ट्रीय संत असंग देव साहब महाराज के अलावा छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव, अमित जोगी, समाजसेवी इंद्रजीत सिंह समेत कई लोग पहुंचे.

