ETV Bharat / state

हिमांशु हत्याकांड में पुलिस ने चार और नामजद आरोपियों को किया गिरफ्तार, नीरज सिंह से ट्रांजिट रिमांड पर होगी पूछताछ

जमशेदपुर पुलिस ने हिमांशु हत्याकांड में चार और नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

Himanshu murder case
पुलिस की पकड़ में नामजद आरोपी (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : July 7, 2026 at 6:00 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जमशेदपुर: पुलिस ने हिमांशु हत्याकांड में नामजद चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मामले में एसएसपी ने बताया कि इस हत्याकांड में अब तक कुल नौ गिरफ्तारी हुई है, हथियार बरामद किया गया है जबकि बार संचालक नीरज सिंह को राजस्थान से गिरफ्तार कर जमशेदपुर लाया जा रहा है.

बार मैनेजर समेत चार और आरोपी गिरफ्तार

जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत डबल डाउन बार के बाहर हुए चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बार मैनेजर समेत चार और आरोपियों को पकड़ा है, जिसमें एक नाबालिग भी शामिल है.

जानकारी देते हुए एसएसपी एहतेशाम वकारीब (Etv Bharat)

उठे थे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल

बता दें कि 27 जून की रात पुलिस के समक्ष हिमांशु सिंह और प्रत्युष नाम के युवक पर चापड़ से हमला किया गया था, जिसमें घायल हिमांशु की इलाज के दौरान मौत हो गई थी जबकि दूसरे घायल युवक प्रत्युष की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसका इलाज कोलकाता अपोलो अस्पताल में चल रहा है. इधर हिमांशु सिंह की मौत के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं.

मामले की जांच के लिए SIT का गठन किया गया है. जिसके द्वारा पूर्व में पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. इधर घटना में दस आरोपियों के अलावा बार संचालक एवं बीजेपी नेता नीरज सिंह पर भी एफआईआर दर्ज की गई है.

राजस्थान के सीकर जिले से हुई नीरज सिंह की गिरफ्तारी

जमशेदपुर एसएसपी एहतेशाम वकारीब ने बताया कि SIT ने डबल डाउन बार के मैनेजर विजय महानंद, लखिन्द्र लोहार, जगदीश मंडल उर्फ रोहन उर्फ मुर्गा के साथ एक विधि-विरुद्ध नाबालिग बालक को भी गिरफ्तार किया हैं. एसएसपी ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी जगदीश मंडल ने वारदात के बाद मुख्य आरोपियों को फरार कराने, उन्हें सुरक्षित ठिकाना उपलब्ध कराने, वाहन की व्यवस्था करने तथा हत्या में प्रयुक्त हथियारों को छिपाने में अहम भूमिका निभाई थी. वहीं बार के मैनेजर विजय महानंद को उसके बिरसानगर स्थित आवास से गिरफ्तार किया गया है.

लोहे का चापड़ और एक कुल्हाड़ी बरामद

गिरफ्तार आरोपी लखीन्द्र लोहार और नाबालिग की निशानदेही पर पुलिस ने धातकीडीह स्थित एक ठिकाने पर छापेमारी कर हत्या में इस्तेमाल किए गए घातक हथियारों को बरामद किया है, जिसमें एक लोहे का चापड़, एक कुल्हाड़ी, एक भुजाली, एक बड़ा चाकू, आठ लोहे के पंच, एक स्टील की गुप्ती, एक मोटरसाइकिल तथा पांच मोबाइल फोन शामिल है.

11 आरोपियों में से 9 की गिरफ्तारी

उन्होंने बताया कि इस मामले में कुल 11 नामजद में अब तक 9 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. एसएसपी ने बताया कि बार में गाना बजाने को लेकर मारपीट हुई थी, जिसके बाद आरोपियों द्वारा बाहर से युवकों को बुलाया गया था और बाद में घटना को अंजाम दिया गया था.

राजस्थान के सीकर से पकड़ा गया नीरज सिंह

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए SIT लगातार तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर जांच एवं छापेमारी अभियान चला रही है. बीजेपी नेता बार संचालक नीरज सिंह को राजस्थान के सीकर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लाया जा रहा है और जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा.

ये भी पढ़ें- जमशेदपुर चाकूबाजी मामले में सियासी बयानबाजी, भाजपा ने सरकार और प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप

जमशेदपुर बार में हुई चाकूबाजी में घायल हिमांशु की मौत, तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड

जमशेदपुर हिमांशुर हत्याकांड पर तीखी हुई सियासी बयानबाजी, कानून व्यवस्था पर बीजेपी ने उठाए सवाल, बचाव में उतरे झामुमो- कांग्रेस