ETV Bharat / state

हिमांशु हत्याकांड के मुख्य आरोपी की सूचना देने वाले को मिलेगा इनाम, पुलिस ने जारी की तस्वीर

जमशेदपुर पुलिस बिष्टुपुर में बार हत्याकांड के मुख्य आरोपी की सूचना देने पर 2 लाख रुपये इनाम की घोषणा की है.

BAR MURDER CASE IN JAMSHEDPUR
जमशेदपुर पुलिस कार्यालय (ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : July 2, 2026 at 10:07 AM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

जमशेदपुर: शहर के बार में चाकूबाजी में हुई हत्या के मुख्य आरोपी की सूचना देने वाले के लिए पुलिस ने 2 लाख रुपये इनामी राशि की घोषणा की है. वहीं जदय विधायक सरयू राय ने कहा कि मुख्यमंत्री को राज्य की कानून व्यवस्था पर ध्यान देने की जरूरत है, जमशेदपुर में कानून व्यवस्था अच्छी नहीं है. वहीं जेएमएम ने बीजेपी पर आरोपी को संरक्षण देने का आरोप लगाया. साथ ही कहा कि जिस बार में घटना घटी है, उसका मालिक नीरज सिंह भाजपा के व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक हैं.

जमशेदपुर के बार में मारपीट के बाद सड़क पर सरेआम पुलिस के सामने चाकूबाजी की घटना चर्चा का विषय बन गया है. घटना के दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रही. इस घटना में पीड़ित परिवार और आक्रोशित लोगों ने घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है. इधर भाजपा भी 48 घंटे का अल्टीमेटम दे दिया है. घटना के मुख्य आरोपी का नाम विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा है. जिला के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय से एक अधिसूचना जारी की गई है, जिसमें मुख्य आरोपी की फोटो भी संलग्न है.

जानकारी देते विधायक सरयू राय (ईटीवी भारत)

गृह विभाग होने के नाते सीएम का कानून व्यवस्था पर हो ध्यान

घटना के बाद जिला एसएसपी पियूष पांडेय को हटाए जाने के बाद जमशेदपुर पश्चिम से विधायक सरयू राय ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के अधीन गृह मंत्रालय है. राज्य में कानून व्यवस्था पर उनका विशेष ध्यान होना चाहिए. विधायक सरयू राय ने कहा है कि लापरवाही के कारण यह घटना घटी है. जिसके बाद मुख्यमंत्री ने इस मामले को गंभीरता से लिया है. जबकि उन्हें जानकारी लेनी चाहिए कि पुलिस महकमा काम कैसा कर रहा है. जमशेदपुर में पुलिस की लापरवाही कई दिनों से देखने को मिल रहा है, जिसकी जानकारी मुख्यमंत्री को होनी चाहिए थी.

bar murder case in jamshedpur
पुलिस द्वारा जारी नोटिस (ईटीवी भारत)

मामले पर बीजेपी राजनीति न करें: जेएमएम

बार हत्याकांड को निर्मम बताते हुए झामुमो के विधायक समीर कुमार मोहंती और पूर्वी सिंहभूम के जेएमएम जिलाध्यक्ष विक्टर सोरेन ने दिवंगत युवा के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की. साथ ही इस पर बीजेपी को राजनीति नहीं करने की सलाह दी है. झामुमो के दोनों नेताओं ने कहा कि जिस तरह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कार्रवाई की है, उससे साफ है कि सरकार की मंशा इस जघन्य अपराध के एक-एक दोषी को कानून के कठघरे तक पहुंचा कर कठोरतम सजा दिलाने की है.

जेएमएम सोशल मीडिया में पोस्ट कर सवाल किया है कि बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को जनता के सामने बताना चाहिए कि जिस डबल डाउन बार में यह हत्याकांड हुआ, उसका मालिक भाजपा के व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक नीरज सिंह हैं. जेएमएम ने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक युवा का अपराध केवल इतना था कि उन्होंने महिलाओं से छेड़खानी का साहसपूर्वक विरोध किया था. प्रदेश बीजेपी से सवाल किया है कि क्या वे बताएगी कि नीरज सिंह जैसे लोगों को आखिर कब से राजनीतिक संरक्षण देती आ रही है.

बीजेपी बार मालिक को बचाने की कोशिश क्यों कर रही है: जेएमएम

जेएमएम ने कहा कि नीरज सिंह समेत 11 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद भाजपा की पूरी पार्टी लाइन उन्हें बचाने की कोशिश क्यों कर रही है. उसकी तुरंत गिरफ्तारी की मांग क्यों नहीं कर रही. जेएमएम विधायक समीर मोहंती और पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष विक्टर सोरेन ने सवालिया लहजे में पूछा कि क्या भाजपा अपने संगठन के प्रभावशाली पदाधिकारी होने के कारण नीरज सिंह को बचाने की कोशिश कर रही है. आखिर भाजपा अपराधियों के खिलाफ है या अपने संरक्षित अपराधियों के पक्ष में हैं.

जेएमएम ने कहा कि सच्चाई यह है कि घटना के तुरंत बाद सरकार ने बिना किसी दबाव या भेदभाव के त्वरित कार्रवाई की. बार को तत्काल सील किया. लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया. दो जिलों के पुलिस कप्तान को हटाया, पूरे मामले की मुख्यमंत्री खुद निगरानी कर रहे हैं. साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए कि चाहे आरोपी कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. बावजूद भाजपा का पूरा ध्यान आरोपियों पर दोष सिद्ध कर उसे कटघरे में खड़ा करने के बजाय राज्य सरकार को मनगढंत रूप से बदनाम करने और अपने राजनीतिक सहयोगियों को बचाने पर केंद्रित दिखाई देता है.

ये भी पढ़ें: एहतेशाम वकारीब बने जमशेदपुर एसएसपी, मनोज स्वर्गियारी को सरायकेला की कमान

हिमांशु हत्याकांड को लेकर बीजेपी ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप, 3 जुलाई को जमशेदपुर बंद की घोषणा

सीएम हेमंत सोरेन का बड़ा एक्शन- जमशेदपुर SSP और सरायकेला SP को हटाया गया, जानिए क्या है वजह?