जालोर-सिरोही सांसद लुंबाराम चौधरी को मिलेगा ‘संसद रत्न’ पुरस्कार, क्षेत्र में खुशी की लहर
सांसद लुंबाराम चौधरी की लोकसभा में उपस्थिति और सक्रियता उल्लेखनीय रही है.

Published : May 25, 2026 at 5:37 PM IST
सिरोहीः जालोर-सिरोही लोकसभा क्षेत्र के सांसद लुंबाराम चौधरी को संसदीय कार्यों में सक्रिय भागीदारी और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए प्रतिष्ठित “संसद रत्न पुरस्कार” से सम्मानित किया जाएगा. इससे क्षेत्र में खुशी की लहर है.
इस वर्ष संसद रत्न पुरस्कार के लिए देशभर से 12 सांसदों और 4 संसदीय समितियों का चयन किया गया है. चयनित सांसदों में कई अनुभवी और चर्चित जनप्रतिनिधियों के नाम शामिल हैं. संसद में उत्कृष्ट प्रदर्शन, बहसों में सक्रिय भागीदारी, प्रश्न पूछने और विधायी कार्यों में योगदान के आधार पर यह सम्मान दिया जाता है. यह पुरस्कार प्राइम पॉइंट फाउंडेशन की ओर से प्रदान किया जाता है.
पढ़ेंः संसद रत्न पुरस्कारों के लिए 12 सांसद, चार संसदीय समितियां चयनित
गौरव की बातः इस अवसर पर सांसद चौधरी ने कहा कि संसद रत्न पुरस्कार मिलना उनके लिए अत्यंत गौरव की बात है. उन्होंने इस सम्मान को जालोर-सिरोही की जनता को समर्पित करते हुए कहा कि जनता के विश्वास और समर्थन के बल पर ही वे संसद में जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठा पा रहे हैं. साथ ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, संसदीय सहयोगियों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया.
पुरस्कार की शुरुआत कलाम के सुझाव पर हुईः संसद रत्न पुरस्कार की शुरुआत डॉ . ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के सुझाव पर की गई थी. उनका मानना था कि संसद में गंभीरता और ईमानदारी से काम करने वाले जनप्रतिनिधियों को नागरिक समाज द्वारा सम्मानित किया जाना चाहिए. पिछले 15 वर्षों में यह पुरस्कार संसदीय उत्कृष्टता और पारदर्शिता का प्रतीक बन चुका है. फाउंडेशन अब तक व्यक्तिगत सांसदों और संसदीय समितियों सहित 143 पुरस्कार प्रदान कर चुका है.
सांसद की यह रही है उपस्थितिः सांसद लुंबाराम चौधरी की लोकसभा में उपस्थिति और सक्रियता उल्लेखनीय रही है. 18वीं लोकसभा के पहले सत्र, शीतकालीन सत्र 2024, मॉनसून सत्र 2025 और बजट सत्र 2026 में उनकी 100 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई. वहीं, बजट सत्र 2025 में 92 प्रतिशत तथा शीतकालीन सत्र 2025 में 93 प्रतिशत उपस्थिति रही. सांसद चौधरी ने लोकसभा में अब तक 3 बिल प्रस्तुत किए, 246 प्रश्न पूछे और 36 चर्चाओं में भाग लिया.

