कवर्धा में स्कूल के बच्चे खुद बना रहे रास्ता, कीचड़ पर मिट्टी डालकर तैयार कर रहे पगडंडी
कवर्धा के जैतपुरी में स्कूली बच्चे प्राथमिक शाला और आंगनबाड़ी के लिए पगडंडी मार्ग बना रहे हैं.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : July 5, 2026 at 6:30 PM IST
कवर्धा: बारिश ने ग्राम जैतपुरी में सरकारी व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है. यहां से एक चिंताजनक मामला सामने आया है. गांव में पहली से पांचवीं कक्षा तक के छात्र-छात्राएं बरसात के दिनों में स्कूल पहुंचने के लिए खुद ही रास्ता बनाने को मजबूर हैं. शासकीय प्राथमिक शाला और आंगनबाड़ी केंद्र तक जाने वाली सड़क दलदल में तब्दील हो गई है. इस वजह से बच्चे खुद स्कूल जाने के लिए पगडंडी मार्ग बना रहे हैं.
अभिभावकों ने बताई परेशानी
ग्रामीणों के अनुसार यही मार्ग स्कूल और आंगनबाड़ी तक पहुंचने का एकमात्र रास्ता है. बारिश के दौरान रास्ते में पानी भर जाने और कीचड़ फैलने से छोटे-छोटे बच्चों, शिक्षकों तथा अभिभावकों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. कई बार बच्चे फिसलकर गिर जाते हैं, जिससे उनकी ड्रेस खराब हो जाती है और कुछ विद्यार्थियों को बिना पढ़ाई किए वापस घर लौटना पड़ता है.
अभिभावक राजेंद्र यादव, नकुल श्रीवास्तव, मनोज, जलेश पात्रे, ईश्वर पात्रे और परमेश्वर पात्रे ने अपनी पीड़ा बताई. उन्होंने बताया कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे अपने बच्चों को सरकारी स्कूल में पढ़ाते हैं. सड़क की बदहाल स्थिति से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है. मात्र 200 मीटर सीसी सड़क बनने से यह समस्या हमेशा के लिए समाप्त हो सकती है. उन्होंने जिला प्रशासन से इस ओर ध्यान देने की मांग की है.
परेशानी पर बीएलओ ने क्या कहा ?
इस संबंध में बीएलओ दीपक ठाकुर ने बताया कि इस प्रकार के निर्माण कार्य के लिए उनके विभाग के पास कोई निधि उपलब्ध नहीं है. वहीं ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन से बच्चों की सुरक्षा की खातिर जल्द से जल्द सीसी सड़क बनाने की मांग की है.

