जैसलमेर एयरफोर्स स्टेशन में हादसा, सरकारी गाड़ी की टक्कर से छात्र गंभीर घायल
'वायु शक्ति 2026' कार्यक्रम की तैयारियों के बीच एयरफोर्स स्टेशन क्षेत्र में हादसा. कक्षा चार के छात्र को सरकारी गाड़ी ने मारी टक्कर.

Published : February 26, 2026 at 6:18 PM IST
जैसलमेर: भारतीय वायुसेना के बहुचर्चित 'वायु शक्ति' कार्यक्रम की तैयारियों के बीच एयरफोर्स स्टेशन क्षेत्र में एक गंभीर हादसा हो गया. एयरफोर्स स्टेशन स्थित केंद्रीय विद्यालय के कक्षा 4 के छात्र को एक सरकारी वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना उस समय हुई जब स्कूल की छुट्टी के बाद छात्र घर लौट रहा था.
कोतवाली पुलिस के एएसआई राज कुमार ने बताया कि अब इस बात की जांच कर रही है कि हादसा वाहन की तेज गति के कारण हुआ या यह एक दुर्भाग्यपूर्ण तकनीकी चूक थी. फिलहाल, पुलिस हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए एयरफोर्स स्टेशन के संबंधित अधिकारियों से संपर्क साध रही है. हादसे की खबर मिलते ही छात्र के गांव बीदा और परिजनों में कोहराम मच गया.
पढ़ें : जैसलमेर में वायु शक्ति का महापरीक्षण, अंतिम रिहर्सल में दिखी मारक क्षमता
हॉस्पिटल परिसर में ग्रामीण और परिचित एकत्रित हो गए. घायल बच्चा पुष्पेंद्र के पिता जालम सिंह और अन्य परिजन बालक की गंभीर स्थिति को देख सदमे में हैं. यह हादसा उस दौरान हुआ जब क्षेत्र में भारतीय वायुसेना के 'वायु शक्ति' कार्यक्रम को लेकर तैयारियां चल रही हैं और वाहनों की आवाजाही बढ़ी हुई है. इसी बीच सरकारी वाहन की चपेट में आने से 11 वर्षीय छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल छात्र पुष्पेंद्र सिंह पुत्र जालम सिंह निवासी गांव बीदा जिला जैसलमेर है और एयरफोर्स स्टेशन स्थित केंद्रीय विद्यालय में कक्षा 4 में अध्ययनरत है. टक्कर के कारण छात्र के सिर में गंभीर चोट आई है.
एयरफोर्स स्टेशन स्थित केंद्रीय विद्यालय में दोपहर करीब 3 बजे छुट्टी हुई थी. अन्य बच्चों की तरह पुष्पेंद्र सिंह, पुत्र जालम सिंह, निवासी बीदा (जैसलमेर), अपने दोस्तों के साथ पैदल ही एयरफोर्स स्टेशन से बाहर की ओर निकल रहा था. बताया जा रहा है कि पुष्पेंद्र सड़क किनारे फुटपाथ पर चल रहा था, तभी अचानक वह किसी कारणवश फुटपाथ से नीचे सड़क पर उतरा. इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक सरकारी वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर लगते ही पुष्पेंद्र लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा. जिसके बाद मौके पर मौजूद अन्य बच्चों और सुरक्षाकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई. वायुसेना के जवानों ने तुरंत घायल छात्र को स्टेशन स्थित मिलिट्री हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे एंबुलेंस के जरिए शहर के जवाहिर हॉस्पिटल लाया गया. जवाहिर हॉस्पिटल के डॉक्टरों के अनुसार, छात्र के सिर में 'इंटरनल इंजरी' की संभावना है और उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. इसलिए उसे जोधपुर रेफर किया गया है.
घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए. हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा. वहीं, हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस की टीम जवाहिर हॉस्पिटल पहुंची. पुलिस ने परिजनों से घटना की जानकारी ली.

