जैसलमेर के अग्निवीर की दिल्ली में मौत, दो माह पहले हुआ था चयन, आज पैतृक गांव में होगा अंतिम संस्कार
वे दिल्ली स्थित राजपूताना राइफल्स रेजीमेंटल सेंटर में प्रशिक्षण ले रहे थे.

Published : August 26, 2026 at 12:54 PM IST
जैसलमेर : देशसेवा के जज्बे के साथ करीब दो माह पहले भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में भर्ती हुए जैसलमेर जिले के 19 वर्षीय गोपाल सिंह भाटी का दिल्ली में निधन हो गया. वे दिल्ली स्थित राजपूताना राइफल्स रेजीमेंटल सेंटर में प्रशिक्षण ले रहे थे. प्रशिक्षण के दौरान अचानक तबीयत खराब होने के बाद उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. गोपाल सिंह भाटी पोकरण क्षेत्र के सांकड़ा थाना इलाके के बोनाड़ा गांव के रहने वाले थे. उनके निधन की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजन दिल्ली पहुंचे और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बुधवार को उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव लाया जाएगा.
दो माह पहले ही सेना में हुए थे भर्ती : ओला सरपंच रघुवीर सिंह भाटी के अनुसार गोपाल सिंह किसान परिवार से थे और बचपन से ही भारतीय सेना में शामिल होकर देश की सेवा करने का सपना देखते थे. मेहनत के बाद करीब दो माह पहले उनका अग्निवीर के रूप में चयन हुआ था. दिल्ली में प्रशिक्षण के दौरान अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने से उनकी जान चली गई. इतनी कम उम्र में बेटे की मौत से परिवार गहरे सदमे में है.
पोकरण विधानसभा के बोनाडा गाँव निवासी एवं राजपूताना राइफल्स, दिल्ली में प्रशिक्षणरत अग्निवीर श्री गोपाल सिंह भाटी के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है।
— Gajendra Singh Shekhawat (@gssjodhpur) August 25, 2026
देशसेवा का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहे युवा का इस तरह असमय चले जाना मन को व्यथित करता है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों… pic.twitter.com/k5C8Va2EBH
सैन्य व राजकीय सम्मान से होगा अंतिम संस्कार : गोपाल सिंह का पार्थिव शरीर बोनाड़ा पहुंचने के बाद पूरे सैन्य और राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा. सेना के जवान उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देंगे. अंतिम संस्कार में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीणों और आसपास के लोगों के पहुंचने की संभावना है. गोपाल सिंह के निधन पर जैसलमेर सहित पूरे मारवाड़ में शोक की लहर है.
पोकरण के बोनाडा गाँव निवासी एवं राजपूताना राइफल्स, दिल्ली में प्रशिक्षणरत अग्निवीर श्री गोपाल सिंह पुत्र श्री चुतरसिंह जी भाटी के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक एवं हृदयविदारक है।
— Ravindra Singh Bhati (@RavindraBhati__) August 25, 2026
माँ भारती की सेवा का संकल्प लेकर निकले वीर सपूत का यूँ असमय चले जाना हम सभी के लिए अपूरणीय… pic.twitter.com/6yRBmJfkJB
जनप्रतिनिधियों ने जताई संवेदना : केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में मां भारती के इस वीर सपूत का निधन अत्यंत पीड़ादायक है. उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की. इसके अलावा शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी, पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी महाराज, भाजपा जिलाध्यक्ष दलपत सिंह हिंगड़ा, पूर्व कैबिनेट मंत्री सालेह मोहम्मद और पूर्व विधायक शैतान सिंह सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी गोपाल सिंह के निधन पर दुख जताते हुए परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की.

