ऐसा क्या बोल गए पहली बार के विधायक सुदर्शन बबलू, नेता प्रतिपक्ष ने सख्ती से टोका तो बचाव में उतरे CM सुक्खू
सुदर्शन बबलू की टिप्पणी पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने एतराज जताया तो सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने विधायक के बचाव में उतर आए.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : August 27, 2026 at 9:42 AM IST
|Updated : August 27, 2026 at 10:54 AM IST
शिमला: हिमाचल विधानसभा में नियम 130 के तहत स्वास्थ्य सेवाओं पर चर्चा चल रही थी. बुधवार को चर्चा के समापन से पहले पहली बार के विधायक सुदर्शन बबलू की एक टिप्पणी ने सदन में सियासी टकराव खड़ा कर दिया. सदन में कांग्रेस विधायक सुदर्शन बबलू की विपक्ष के स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान को लेकर की गई टिप्पणी पर हंगामा शुरू हो गया.
सदन में 'बबलू' पर भिड़े CM सुक्खू-जयराम ठाकुर!
विधायक की टिप्पणी पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कड़ा एतराज जताया तो मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने विधायक के बचाव में उतर आए. स्वास्थ्य सेवाओं पर हो रही चर्चा में भाग लेते हुए सुदर्शन बबलू ने कह दिया कि भाजपा ने आजादी के आंदोलन का विरोध किया. बबलू की इस टिप्पणी के बाद स्वास्थ्य सेवाओं पर चल रही चर्चा आजादी के आंदोलन, जनसंघ और राजनीतिक संघर्ष की विरासत तक पहुंच गई.
'अब 'बबलू' मत रहिए, थोड़े बड़े बनिए'
कांग्रेस विधायक की इस टिप्पणी पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भड़क गए. नेता प्रतिपक्ष ने सुदर्शन बबलू पर हमला बोलते हुए कहा कि पहली बार के विधायक हैं उनका सम्मान है. उन्होंने कहा कि विपक्ष की ओर इशारा करते हुए यह कह देना कि उन्होंने आजादी के आंदोलन का विरोध किया, ऐसी गंभीर टिप्पणी करना उचित नहीं है. जयराम ठाकुर ने सुदर्शन बबलू को परिपक्वता लाने की नसीहत देते हुए कहा कि, "बड़े हो जाइए सुदर्शन बनिए बबलू मत रहिए."
क्या कहा था सुदर्शन बबलू ने?
कांग्रेस विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने कहा था, "आजादी के आंदोलन में हमने संघर्ष किया, आपने तो आजादी का विरोध किया था. इस बयान के बाद संदन में हंगामा शुरू हो गया."
'तथ्यों पर बात की है, कड़वी तो लगेगी'
वहीं, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सुदर्शन बबलू का बचाव करते हुए कहा कि, "विधायक ने तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखी है और इसी वजह से विपक्ष को परेशानी हुई है. बबलू बड़ा नाम है और किसी विधायक की शान पर टिप्पणी नहीं की जानी चाहिए." आजादी के आंदोलन के संदर्भ में सुक्खू ने कहा कि उस समय भाजपा अस्तित्व में नहीं थी, बल्कि जनसंघ था. उन्होंने कहा कि उस दौर में न जयराम ठाकुर पैदा हुए थे और न ही वह स्वयं. मुख्यमंत्री ने कहा कि बबलू ने इतिहास पढ़कर अपनी बात रखी है, जबकि विपक्ष पर इतिहास बदलने की कोशिश करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि आजादी के संघर्ष की चर्चा करते समय यह देखना भी जरूरी है कि उस दौर में किसने वास्तव में संघर्ष किया.
ये भी पढ़ें: सरकारी योजनाओं के नाम में 'सुख' को लेकर नेता विपक्ष-सीएम में नोक-झोंक, मुख्यमंत्री ने बताया इसका मतलब
ये भी पढ़ें: CM के खिलाफ विपक्ष ने दिया विशेषाधिकार हनन का नोटिस, 'राष्ट्रगान अपमान विवाद' पर सत्ता-विपक्ष आमने-सामने

