'लड़खड़ाते हुए चल रही सुक्खू सरकार, हिमाचल को कर्ज के बोझ तले दबाया'
मंडी जिले के दौरे पर तत्तापानी पहुंचे नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर साधा निशाना. नितेश सैनी की रिपोर्ट...

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : June 23, 2026 at 5:10 PM IST
मंडी: नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर जिला मंडी के तत्तापानी दौरे पर पहुंचे. इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है और प्रदेश की आर्थिक स्थिति को लगातार कमजोर किया जा रहा है.
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा, "हिमाचल प्रदेश सरकार लड़खड़ाते हुए चल रही है. वर्तमान सरकार ने हिमाचल प्रदेश को कर्ज के बोझ तले दबा दिया है. सरकार लगातार ऋण ले रही है, लेकिन इसके बावजूद विकास कार्यों में अपेक्षित प्रगति दिखाई नहीं दे रही. प्रदेश की वित्तीय स्थिति चिंताजनक होती जा रही है और इसका असर आम जनता पर पड़ रहा है. आर्थिक कुप्रबंधन के कारण सरकार कई मोर्चों पर संघर्ष करती नजर आ रही है".
पूर्व सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार के पास न तो स्पष्ट नीति है और न ही विकास को लेकर कोई ठोस विजन दिखाई देता है. भाजपा सरकार के कार्यकाल में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए प्रदेश के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी गई थी. सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और ग्रामीण विकास जैसे क्षेत्रों में अनेक योजनाएं शुरू की गईं और उन्हें धरातल पर उतारा गया. उनकी सरकार ने प्रदेश के संतुलित विकास को प्राथमिकता दी और दूरदराज के क्षेत्रों तक विकास की पहुंच सुनिश्चित करने का प्रयास किया.
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने चुनाव के दौरान जनता से कई बड़े वादे किए थे, लेकिन आज तक उनमें से अधिकांश पूरे नहीं हो सके हैं. कर्मचारी, युवा, किसान, महिलाएं और अन्य वर्ग सरकार की नीतियों से निराश हैं. प्रदेश में विकास कार्यों की रफ्तार धीमी पड़ गई है और जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है. हिमाचल की जनता सरकार के कामकाज पर नजर रखे हुए है. जनता विकास, सुशासन और जनहित के मुद्दों को ध्यान में रखते हुए भविष्य में उचित निर्णय लेगी. प्रदेश के हितों की रक्षा और विकास के लिए भाजपा लगातार जनता की आवाज उठाती रहेगी.
ये भी पढ़ें: मेडिकल कॉलेज का श्रेय लेने की मची होड़! CM सुखविंदर और सांसद अनुराग ठाकुर आमने-सामने

