कांग्रेस सरकार ने की थी बिना सोचे समझे कर्ज लेने की शुरुआत: जयराम ठाकुर
हिमाचल विधानसभा बजट सत्र के पहले ही दिन सदन में गूंजा कर्ज का मुद्दा, नेता प्रतिपक्ष ने सुक्खू सरकार को घेरा.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 17, 2026 at 12:15 PM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद RDG के मुद्दे पर चर्चा शुरू हुई. संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने नियम 102 के तहत RDG पर चर्चा का सरकारी संकल्प प्रस्तुत किया. इसके बाद नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर चर्चा में शामिल हुए. इस दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश पर बढ़ते कर्ज के बोझ का मुद्दा भी उठाया. जयराम ठाकुर ने सदन कहा कि प्रदेश में बिना सोचे समझे कर्ज लेने की शुरुआत कांग्रेस की सरकार ने शुरू की. इस दौरान जयराम ठाकुर ने कांग्रेस और भाजपा सरकार के दौरान लिए गए कर्ज के आंकड़े भी गिनवाए.
"2013 से 17 के दौरान कर्ज में हुई उच्चतम वृद्धि"
हिमाचल पर बढ़ते कर्ज को लेकर सदन में जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश पर लगभग 14 हजार करोड़ रुपए का कर्ज था. आगे चलकर यह कर्ज 28 हजार 707 करोड़ रुपए पहुंच गया. साल 2013 से 17 तक की कांग्रेस सरकार के समय में प्रदेश पर कर्ज में उच्चतम वृद्धि हुई है. उन्होंने कहा कि साल 2017 में जब वे मुख्यमंत्री बने तो 47 हजार 900 करोड़ रुपए का ऋण हिमाचल प्रदेश पर था. जयराम ठाकुर ने कहा कि साल 2013 से 2017 की कांग्रेस सरकार के समय कर्ज में 67 फीसदी की अधिकतम वृद्धि हुई है. वहीं, पूर्व की भाजपा सरकार के समय में यह ऋण 69 हजार 900 करोड़ पर पहुंचा. उनकी सरकार के समय कर्ज में 44 फीसदी की वृद्धि हुई जो कि उनसे पहले की कांग्रेस सरकार के मुकाबले 23 फीसदी कम है.
"पूर्व भाजपा सरकार ने सिर्फ 19,600 करोड़ का लिया कर्ज"
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार ने सत्ता में आते ही पहले दिन से कर्ज का रोना शुरू कर दिया था. सुक्खू सरकार ने इसका दोष पूर्व भाजपा सरकार पर डाल दिया गया. जयराम ठाकुर ने कहा कि उनकी सरकार ने 19 हजार 600 करोड़ रुपए का ऋण लिया था. जब सत्ता छोड़ी तो राज्य के पास 6 हजार करोड़ रुपए तक कर्ज लेने की क्षमता थी, लेकिन उनकी सरकार ने ऋण नहीं लिया. नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही 4 महीने के भीतर ये ऋण ले लिया और अब इसे भी उनके खाते में डाला जा रहा है. आज प्रदेश पर कर्ज 1 लाख 10 हजार करोड़ पर पहुंच गया है. जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार अगर बिना कर्ज के सरकार चला सकती है तो चलाए.

