'मुख्यमंत्री ने शुरू कर दिया है ज्योतिषी का काम...घोषणा के बाद सुंदर ठाकुर का मंत्री न बनना घोर प्रताड़ना', जयराम ठाकुर का CM सुक्खू पर तंज
जयराम ठाकुर ने संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान और मंत्री बनने का इंतजार कर रहे सुंदर सिंह ठाकुर पर भी चुटकी ली.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : August 25, 2026 at 9:25 AM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा मानसून सत्र के तीसरे दिन सदन के भीतर स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर तीखी बहस देखने को मिली. इस दौरान जयराम ठाकुर सत्ता पक्ष पर चुटकीले अंदाज में निशाना साधते हुए नजर आए. नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने व्यंग के लहजे में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर खूब हमला बोला. साथ जयराम ठाकुर ने संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान और मंत्री बनने का इंतजार कर रहे सुंदर सिंह ठाकुर पर भी चुटकी ली. वहीं, जयराम ठाकुर ने सख्त लहजे में अधिकारियों को भी सलाह दे डाली.
'मुख्यमंत्री ने शुरू कर दिया है ज्योतिषी का काम'
विधानसभा सत्र शुरू होने के बाद सदन में स्वास्थ्य के मुद्दे पर चर्चा छिड़ी हुई थी. इसी बीच मुख्यमंत्री वाराणसी दौरे से लौटने के बाद सदन में पहुंचे. इसी दौरान नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए व्यंग्य बाण साधना शुरू कर दिया. नेता प्रतिपक्ष में तंज कसते हुए कहा, "मुख्यमंत्री थके हुए आए हैं. थकान उनके चेहरे पर साफ नजर आ रही है. मुख्यमंत्री ने अब ज्योतिषी का काम भी शुरू कर दिया है. अब पता नहीं हाथ देखते हैं या कुंडली और भविष्यवाणियां कर रहे हैं. लेकिन मुख्यमंत्री की सदन में की गई भविष्यवाणी भी पूरी नहीं हुई. मुख्यमंत्री ने सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्री बनाने की घोषणा की थी, लेकिन सुंदर सिंह ठाकुर अब भी इंतजार में हैं. उनके कहने पर मुख्यमंत्री ने घोषणा कर दी और अब घोषणा को एक साल होने जा रहा है. घोषणा के बाद सुंदर सिंह ठाकुर को अब तक मंत्री न बनाया जाना घोर प्रताड़ना है."
16 की कर दी घोषणा, भाजपा के आएंगे 60
इस दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सदन में दावा कर डाला कि, अगले विधानसभा चुनाव में भाजपा के 60 विधायक चुनकर आएंगे. दरअसल जयराम ठाकुर मुख्यमंत्री तंज कस रहे थे. जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने आंखें बंद कर के वस्तुस्थिति को न देखना तय कर लिया है. जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार का क्या हश्र होने वाला है यह पंचायत चुनाव से साफ हो गया है. उन्होंने कहा कि सरकार ने चुनाव से बचने की कोशिश की, चुनाव को टालने की कोशिश की लेकिन बच नहीं पाए. 10 में से 9 जिला परिषद के चुनाव में सरकार कैंडिडेट भी खड़े नहीं कर पाई. जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री आगे की बता रहे हैं कि भाजपा के 16 विधायक आएंगे. लेकिन, भाजपा के 60 विधायक चुनकर आएंगे.
संसदीय कार्य मंत्री पर ली चुटकी
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर स्वास्थ्य व्यवस्था पर बोल रहे थे तभी संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान अपनी सीट पर खड़े होकर बोलने लगे. ऐसे में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने संसदीय कार्य मंत्री पर भी चुटकी ले ली. नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि संसदीय कार्य मंत्री सबकी चाबी देते फिरते हैं. उन्होंने कहा कि पार्लियामेंट्री अफेयर मिनिस्टर दुबले पतले आदमी हैं, ऐसे में चाबी देकर निकल जाते हैं और किसी को नज़र में भी नहीं आते. जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार को भी और चाबी मारेंगे उनका धर्म बनता है.
ये भी पढ़ें: टैक्सी यूनियन के धरने में पहुंचे MLA सुधीर शर्मा और आशीष शर्मा, सुक्खू सरकार पर साधा निशाना

