ETV Bharat / state

नववर्ष पर सजे-धजे हाथियों ने आमेर किले पर सैलानियों का किया शाही स्वागत, गुलाबी नगरी पर्यटकों से गुलजार

आमेर सहित अन्य पर्यटक स्थलों पर सैलानियों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस और होमगार्ड के जवान तैनात किए गए हैं.

New Year 2026
पर्यटकों के स्वागत में तैयार सजे धजे हाथी (Etv Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 1, 2026 at 4:52 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: गुलाबी नगरी जयपुर इन दिनों पर्यटकों से गुलजार है. नववर्ष 2026 के अवसर पर आमेर किले पर सजे-धजे हाथियों ने पर्यटकों का शाही स्वागत किया. हाथियों को रंगोली से सजाकर नववर्ष की शुभकामनाओं के संदेश लिखे गए और उन्हें विशेष पोशाक पहनाई गई. हाथियों के इस खास अंदाज में स्वागत से देसी-विदेशी पर्यटक काफी उत्साहित नजर आए. सैलानियों ने हाथियों के साथ तस्वीरें लेकर खूबसूरत पलों को कैमरे में कैद किया.

हाथी पालक आसिफ खान ने बताया कि नववर्ष 2026 के अवसर पर आमेर के सभी हाथियों को विशेष आभूषणों और वेशभूषा से सजाया गया. सजे-धजे हाथियों ने पर्यटकों का स्वागत किया. आमेर के हाथी स्टैंड पर हाथियों के शरीर पर नववर्ष की शुभकामनाएं और 'हैप्पी न्यू ईयर' लिखकर शाही अंदाज में पर्यटकों का स्वागत किया गया. देसी-विदेशी पर्यटकों ने सजे-धजे हाथियों के पास खड़े होकर फोटो और सेल्फी लेकर यादगार पलों को अपने कैमरों में कैद किया. इस मौके पर पर्यटकों में काफी उत्साह नजर आया. देसी-विदेशी पर्यटकों ने 'हैप्पी न्यू ईयर' बोलकर एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं.

हाथियों ने आमेर किले पर सैलानियों का किया स्वागत (ETV Bharat Jaipur)

पढ़ें: नववर्ष पर रणथंभौर में श्रद्धा का सैलाब, त्रिनेत्र गणेश के दरबार में हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई ढोक

वरिष्ठ टूरिस्ट गाइड महेश कुमार शर्मा ने बताया कि नववर्ष 2026 के अवसर पर गुलाबी नगरी में काफी संख्या में पर्यटक घूमने पहुंचे हैं. पर्यटकों का ज्यादातर रुझान ऐतिहासिक इमारतों की तरफ देखा जा रहा है. आमेर महल में सुबह से ही काफी संख्या में पर्यटक पहुंचे. आमेर महल, अल्बर्ट हॉल, हवामहल, जंतर-मंतर, जलमहल, नाहरगढ़ फोर्ट, जयगढ़ फोर्ट, नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क, जयपुर चिड़ियाघर, झालाना लेपर्ड सफारी, आमागढ़ लेपर्ड सफारी समेत सभी पर्यटक स्थलों पर बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे. पर्यटक स्थलों पर सैलानियों ने एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं दी.

यह भी पढ़ें: क्रिसमस पर सैलानियों से गुलजार हुई गुलाबी नगरी, आमेर बना आकर्षण का केंद्र, रिकॉर्ड टूटने की उम्मीद

पयर्टकों की सुरक्षा के लिए लगाया अतिरिक्त पुलिस बल: जयपुर में ऐतिहासिक इमारतों पर घूमने आए पर्यटकों ने जयपुर की विरासत को खूब निहारा. प्राचीन किलों-महलों और पहाड़ों की हरियाली देखकर पर्यटक रोमांचित हो गए. नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क और जयपुर चिड़ियाघर समेत जंगल सफारी में वन्यजीवों की अठखेलियों और प्राकृतिक सौंदर्य ने पर्यटकों को रोमांचित कर दिया. पर्यटकों ने वन्यजीवों की अठखेलियों को अपने कैमरों में कैद किया. सैलानियों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस और होमगार्ड के जवान तैनात किए गए हैं. आमेर रोड पर सुबह से ही पर्यटक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं. यातायात को सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है.

यह भी पढ़ें: नाहरगढ़ बना सिटी सफारी का नया हॉटस्पॉट, शेर-बाघों की बढ़ती संख्या से पर्यटकों में उत्साह