ETV Bharat / state

सांगानेर में 5 मार्च से शुरू होगा 240 करोड़ का एलिवेटेड रोड का काम, 9 मिनट में तय होगी 4.5 किमी दूरी

राजधानी जयपुर के सांगानेर क्षेत्र में वर्षों से लगने वाले जाम से आम जनता को अब बड़ी राहत मिलने जा रही है. देखिए और समझिए...

Jaipur Sanganer Elevated Road
सांगानेर क्षेत्र में लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद... (ETV Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 27, 2026 at 6:00 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: बहुप्रतीक्षित सांगानेर एलिवेटेड रोड का काम जल्द ही धरातल पर शुरू होगा. सांगानेर फ्लाईओवर से मालपुरा गेट तक बनने वाली इस एलिवेटेड रोड का काम 5 मार्च से शुरू होगा और लगभग 30 माह में पूरा होने की संभावना है. इसके तैयार होने के बाद लाखों लोगों के समय-ईंधन की बचत होगी और रोजमर्रा की परेशानी का समाधान होगा.

ट्रैफिक जाम से मिलेगी बड़ी राहत : सांगा सेतु पुलिया, सलीम कागजी मार्ग और सांगानेर स्टेडियम मार्ग पर सुबह-शाम की भीड़ में हालात अक्सर बदतर हो जाते हैं. सांगानेर थाने से चौरड़िया पेट्रोल पंप तक महज 4.5 किलोमीटर की दूरी तय करने में वाहन चालकों को करीब 30 मिनट तक का समय लग जाता है. एलिवेटेड रोड बनने के बाद यही दूरी मात्र 9 मिनट में पूरी हो सकेगी, यानि रोजाना आने-जाने वाले नौकरीपेशा लोगों, छात्रों, व्यापारियों और स्थानीय निवासियों के समय और ईंधन दोनों की बचत होगी. वहीं, लगातार लगने वाले जाम से होने वाला पॉल्युशन भी कम होगा.

लोगों ने क्या कहा, सुनिए.... (ETV Bharat Jaipur)

4.5 किमी लंबा फोरलेन एलिवेटेड रोड : सांगानेर फ्लाईओवर से चौरड़िया पेट्रोल पंप तक 4.5 किलोमीटर लंबा फोरलेन एलिवेटेड रोड बनेगा. दोनों दिशाओं में दो-दो लेन होंगी. पेट्रोल पंप तिराहे पर ये दो भागों में विभाजित होगा. एक हिस्सा मालपुरा गेट की ओर जाएगा, दूसरा हिस्सा न्यू सांगानेर रोड रेलवे ओवरब्रिज की ओर जाएगा. गोपालपुरा फ्लाईओवर से वाहन चालक दोनों दिशाओं में आ-जा सकेंगे. इससे रिंग रोड और मेगा हाईवे की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और शहर के दक्षिणी हिस्से में ट्रैफिक दबाव कम होगा.

पढ़ें : एलिवेटेड की मदद से महज 5 मिनट में पार कर पाएंगे गोपालपुरा बायपास, लेकिन व्यापारियों को ऐतराज

240 करोड़ की लागत, 30 महीने में पूरा लक्ष्य : राज्य सरकार ने पिछले बजट में इस प्रोजेक्ट की घोषणा की थी. पहले इसकी लागत 170 करोड़ रुपए आंकी गई थी, लेकिन मालपुरा गेट तक विस्तार के बाद अनुमानित लागत बढ़कर करीब 240 करोड़ रुपए हो गई है. हाल ही में जेडीए की कार्यकारी समिति ने इस प्रोजेक्ट को लेकर मंजूरी भी जारी कर दी है. 5 मार्च से शुरू होने वाले इस प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य के लिए 30 महीने की समयसीमा तय की गई है.

आम जनता को मिलेगा सीधा फायदा :

  • रोजाना जाम में फंसने से मुक्ति
  • यात्रा समय में लगभग तीन गुना कमी
  • ईंधन की बचत और प्रदूषण में कमी
  • व्यापारिक गतिविधियों में तेजी
  • एयरपोर्ट और प्रमुख मार्गों तक तेज कनेक्टिविटी
  • आपात स्थिति में एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड को तेज आवाजाही

सांगानेर के लिए 'वरदान' : स्थानीय लोगों और व्यापारियों की मानें तो सांगानेर एलिवेटेड एक वरदान साबित होगा. बशर्ते ये प्रोजेक्ट तय समय पर पूरा हो. हालांकि, व्यापारियों ने ये बात जरूर कही कि 30 महीने व्यापार लगभग ठप सा हो जाएगा, लेकिन आज भी जाम की वजह से हालात कोई बेहतर नहीं है. उम्मीद यही की जा सकती है कि एलिवेटेड धरातल पर उतरने के बाद न सिर्फ जाम से राहत मिलेगी, बल्कि सांगानेर के व्यापार को भी ऊंचाई मिलेगी. क्योंकि जो लोग सामान खरीदना चाहते हैं वो एलिवेटेड पर न चढ़कर के बाजार से सामान खरीद सकेंगे, उन्हें पार्किंग भी उपलब्ध हो सकेगी. जो लोग व्यापार का हिस्सा नहीं बनना चाहते हैं, वो एलिवेटेड के जरिए अपनी राह प्रशस्त कर पाएंगे.