ETV Bharat / state

Property Dealer Kidnapping : पुरानी किराएदार ने बेटों संग रची साजिश, कर्जा चुकाने को मांगी 2 करोड़ की फिरौती

पुलिस ने पहले तीन आरोपियों को पकड़ा. सोमवार को मुख्य आरोपी महिला भी गिरफ्तार.

Jaipur Crime
पुलिस गिरफ्त में आरोपी और वारदात की मास्टरमाइंड (Source : Jaipur Police)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : August 24, 2026 at 4:20 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: राजधानी जयपुर के झोटवाड़ा थाना इलाके में प्रॉपर्टी कारोबारी का अपहरण कर दो करोड़ रुपए की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. पीड़ित के घर पर रही पुरानी किराएदार महिला ही पूरी वारदात की मास्टरमाइंड निकली. उसने अपने दो बेटों और अन्य लोगों के साथ मिलकर प्रॉपर्टी कारोबारी का अपहरण कर दो करोड़ रुपए की फिरौती मांगने की साजिश रची.

अपहरण के बाद पुलिस से बचने के लिए बार-बार लोकेशन बदलते हुए पीड़ित को तीन राज्यों की बॉर्डर तक ले गए. पुलिस ने तीन दिन तक करीब 1700 किलोमीटर तक पीछा कर वारदात में शामिल आरोपियों को पकड़ा और अपहृत व्यक्ति को सकुशल छुड़ाया. अब पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता महिला को भी गिरफ्तार कर लिया है.

जयपुर डीसीपी ने क्या कहा, सुनिए... (ETV Bharat Jaipur)

पूछताछ में सामने आया महिला का नाम : उन्होंने बताया कि अपहरण की वारदात में शामिल सेफ अली उर्फ सैफू उर्फ कालू, नाजिम कुरैशी उर्फ पार्ले और जावेद हुसैन को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो सामने आया कि अपहरण की वारदात की मुख्य साजिशकर्ता सोफिया बेगम नाम की महिला है, जो पहले पीड़ित की किराएदार रह चुकी है.

उसने अपने दो बेटों और अन्य लोगों के साथ मिलकर पूरी प्लानिंग की. उन्होंने बताया कि बदमाशों ने जुए में हुए नुकसान की भरपाई करने और पुराने मुकदमों का खर्चा निकालने के लिए दो करोड़ रुपए की फिरौती मांगी. आरोपियों पर पहले के कई मुकदमें हैं. हालांकि, पुलिस ने इनकी साजिश पर पानी फेरते हुए इन्हें पकड़ लिया और अपहृत व्यक्ति को सकुशल छुड़ा लिया.

पढ़ें : Property Dealer Kidnapping : 2 करोड़ की मांग, मुख्य सरगना समेत 3 गिरफ्तार, 1700 किलोमीटर पीछा कर दबोचा

पुलिस से बचने के लिए बदली लोकेशन : उनका कहना है कि पुलिस ने सैफ अली, नाजिम कुरैशी और जावेद हुसैन को रविवार को गिरफ्तार कर लिया था. जावेद हुसैन वारदात की मास्टरमाइंड सोफिया बेगम का बेटा है. उससे पूछताछ जारी है. वारदात में शामिल अन्य लोगों के बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है, जिन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. उन्होंने बताया कि बदमाशों ने सुनियोजित साजिश के तहत वारदात को अंजाम दिया. पुलिस से बचने के लिए वे लगातार अपनी लोकेशन बदल रहे थे. प्राथमिकता अपहृत शख्स को सकुशल छुड़ाना था. यह वारदात 21 अगस्त की झोटवाड़ा थाना इलाके की है.

कोटपूतली पुलिस की मदद से नाकाबंदी कर पकड़ा : उन्होंने बताया कि आरोपियों को पकड़ने में कोटपूतली पुलिस का भी सहयोग मिला. उन्होंने बताया कि जयपुर से अपहरण के बाद पीड़ित को कुछ समय मध्यप्रदेश बॉर्डर पर रखा. इसके बाद हरियाणा की तरफ ले गए. एक बार बदमाश उन्हें गुरुग्राम भी लेकर गए. वे लगातार उन्हें घुमाते रहे और लोकेशन बदलते रहे. आखिरकार पुख्ता लोकेशन मिलने के बाद कोटपूतली पुलिस के साथ नाकाबंदी कर तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया और पीड़ित को सकुशल छुड़ाया.

आरोपियों के खिलाफ पहले भी दर्ज हैं मुकदमे : उन्होंने बताया कि वारदात का खुलासा करने के लिए झोटवाड़ा थानाधिकारी रायसल सिंह के नेतृत्व में एएसआई हुकम सिंह, रामसिंह, हेड कांस्टेबल बलराम, मालीराम, दिनेश, कांस्टेबल नरेंद्र सिंह, महेशचंद, सुनील, गजानंद और महिला कांस्टेबल प्रेम देवी की टीम का गठन किया गया. इस टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मानवीय आसूचना के आधार पर तीन दिन तक 1700 किलोमीटर तक पीछा कर वारदात का खुलासा किया. आरोपी सैफ अली के खिलाफ 10, नाजिम कुरैशी व जावेद पर पांच-पांच मुकदमे दर्ज हैं.