सस्ते में स्मैक का नशा करने के लिए करते थे ये इंतजाम, पुलिस ने पकड़े नशीले इंजेक्शन, 3 गिरफ्तार
जयपुर पुलिस ने नशीले इंजेक्शन की तस्करी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया. विद्याधर नगर से नशीले इजेंक्शन की 895 शीशियां बरामद.

Published : December 29, 2025 at 10:19 AM IST
|Updated : December 29, 2025 at 12:30 PM IST
जयपुर: राजधानी में युवाओं की नसों में जहर घोलने वाले नशीली दवा के तस्करों पर पुलिस ने कड़ा प्रहार किया है. जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की विशेष टीम (सीएसटी) ने विद्याधर नगर थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया. आरोपियों के पास से नशीली दवा के इंजेक्शन की 895 शीशियां बरामद की गई हैं.
नशे के आदी लोगों को महंगे दामों पर बेचते थे: स्पेशल कमिश्नर (ऑपरेशन) राहुल प्रकाश ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ये आरोपी नशे के आदी लोगों को इन इंजेक्शनों की सप्लाई करते थे. नशे के शिकार व्यक्ति इन इंजेक्शनों में स्मैक मिलाकर गर्म करते हैं और फिर इंजेक्शन के रूप में लगाते हैं. इससे नशा स्मैक से सस्ता पड़ता है और इसका प्रभाव लंबे समय तक रहता है. आरोपी मेडिकल स्टोर्स से सस्ते दामों पर ये शीशियां खरीदते थे और कच्ची बस्तियों तथा नाले के आसपास नशे के आदी लोगों को 150-200 रुपये प्रति शीशी के महंगे दाम पर बेचते थे.
इसे भी पढ़ें- जयपुर के तस्करों को एमडी सप्लाई करने वाले नाइजीरियन गिरोह का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार
राहुल प्रकाश ने बताया कि बापू कच्ची बस्ती (विद्याधर नगर) निवासी मोहम्मद अब्दुला शाह, प्रेम और रेखा को नशीली दवा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. इनके कब्जे से 895 शीशियां जब्त की गई हैं. पूछताछ में आरोपियों से नशीली दवाओं की तस्करी से जुड़े बड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस अब इस नेटवर्क पर शिकंजा कसने की तैयारी कर रही है.
स्मैक के आदी लोग करते हैं दुरुपयोग: राहुल प्रकाश ने आगे कहा कि स्मैक के आदी लोग विशेष रूप से नशीले इंजेक्शन का दुरुपयोग करते हैं. इसमें स्मैक मिलाकर गर्म करने से नशा तेज और सस्ता हो जाता है, जो युवाओं के लिए घातक साबित हो रहा है. पुलिस की यह कार्रवाई नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है. जांच जारी है और जल्द ही और खुलासे होने की संभावना है.
इसे भी पढ़ें- बड़ी कार्रवाई : ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़, 85 करोड़ की MD बरामद, बड़ी मात्रा में केमिकल जब्त

