ETV Bharat / state

New Year 2026 : ड्रिंक एंड ड्राइव पर जब्त होगा वाहन, 1 जनवरी को मंदिरों में खास इंतजाम

जयपुर पुलिस ने कसी कमर, आज रात 8 बजे से 1 जनवरी सुबह तक विशेष जाप्ता होगा तैनात.

जयपुर में पर्यटक स्थलों पर उमड़ी भीड़.
जयपुर में पर्यटक स्थलों पर उमड़ी भीड़. (ETV Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : December 31, 2025 at 12:25 PM IST

|

Updated : December 31, 2025 at 1:05 PM IST

7 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर : नए साल 2026 के स्वागत के लिए गुलाबी नगरी जयपुर तैयार है. बुधवार रात को जगह-जगह जश्न मनाया जाएगा. वहीं, कई लोग 1 जनवरी को मंदिरों में दर्शन कर नए साल का आगाज करेंगे. ऐसे में जयपुर पुलिस ने कमर कस ली है. बुधवार रात से गुरुवार सुबह तक खाकी सड़कों पर मुस्तैद रहेगी. पार्टियों में शराब पीकर निकलने वाले लोगों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी. ऐसे लोगों की गाड़ियां जब्त कर टैक्सी या कैब से घर भेजा जाएगा. वहीं, जयपुर के आराध्य देव गोविंददेवजी मंदिर और मोतीडूंगरी मंदिर पर भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.

होटल, बार संचालकों को विशेष हिदायत : जयपुर कमिश्नर सचिन मित्तल का कहना है कि नए साल के जश्न में ड्रिंक एंड ड्राइविंग के मामले नहीं आएं, इस पर विशेष जोर है. नशे की हालत में गाड़ी चलाना न केवल खुद के लिए बल्कि दूसरों के लिए भी नुकसानदेह साबित हो सकता है. नशे में गाड़ी चलते पाए जाने पर गाड़ी जब्त होगी. होटल, बार और रेस्टोरेंट संचालकों को भी टैक्सी-कैब की पर्याप्त व्यवस्था रखने को कहा है ताकि ऐसे लोगों को सुरक्षित घर पहुंचाया जा सके.

जयपुर पुलिस ने दी जानकारी (ETV Bharat Jaipur)

पढ़ें. नववर्ष पर सांवलियाजी के दर्शनों को भीड़ उमड़ने की संभावना, ड्रोन से होगी निगरानी, ये रहेगी पार्किंग व्यवस्था

मोती डूंगरी, गोविंददेवजी मंदिर में खास इंतजाम : उनका कहना है कि 1 जनवरी को सुबह जयपुर में प्रमुख मंदिरों में भीड़ उमड़ेगी. अमूमन लोग गोविंददेवजी और मोती डूंगरी गणेश मंदिर में दर्शन कर अपने नए साल की शुरुआत करते हैं. ऐसे में प्रमुख मंदिरों में भी सुरक्षा व्यवस्था के खास इंतजाम किए गए हैं. इन मंदिरों के आसपास 1 जनवरी को ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत नहीं हो.

गुलाबी स्लिप में लिखा होगा संदेश : उन्होंने बताया, ड्रिंक एंड ड्राइव को लेकर होटल, बार और क्लब में ही लोगों को जागरूक करने का अभियान चलाया जा रहा है. ऐसी जगहों पर पोस्टर लगाकर नशे में वाहन नहीं चलाने की अपील की जा रही है. होटल, रेस्टोरेंट और बार संचालक बिल के साथ स्लिप देंगे, जिनमें नशे में वाहन नहीं चलाने का संदेश लिखा होगा. होटल संचालकों को हिदायत दी है कि उनके यहां से निकलने वाले लोग नशे में वाहन नहीं चलाए, इसके लिए समझाइश की जाए.

नया साल मनाने पहुंचे सैलानी
नया साल मनाने पहुंचे सैलानी (ETV Bharat Jaipur)

पढ़ें. नए साल से राजस्थान की विरासत देखना होगा महंगा, स्मारक और संग्रहालयों की टिकट दर बढ़ाई

पर्यटक स्थलों पर लगाया अतिरिक्त जाप्ता : अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर डॉ. राजीव पचार का कहना है कि टूरिस्ट सीजन भी चल रहा है और जयपुर में बड़ी संख्या में घरेलू व विदेशी पर्यटक आ रहे हैं. यातायात का भी दबाव है. पर्यटकों के साथ कोई घटना दुर्घटना नहीं हो. यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है. यातायात पुलिस को अतिरिक्त जाप्ता दिया गया है. जयपुर (उत्तर) में हवा महल, सिटी पैलेस, आमेर जैसे पर्यटक स्थल हैं, इसीलिए अहम पॉइंट्स पर अतिरिक्त जाप्ता तैनात किया गया है.

नशे में वाहन चलाया तो निरस्त होगा लाइसेंस : उन्होंने कहा कि 31 दिसंबर की रात के लिए सभी होटल, बार और रेस्टोरेंट संचालकों से अपील की है कि उनके यहां से निकलने वाले लोग शराब पीकर वाहन नहीं चलाएं. इसके लिए नाकाबंदी की जा रही है. अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (यातायात एवं प्रशासन) योगेश दाधीच का कहना है कि तेज गति वाहन चलाने, बिना सीट बेल्ट, बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर भी एक्शन लिया जाएगा. चौपहिया वाहन की डिक्की खोलकर, उसमें किसी को बिठाकर और ऊंची आवाज में म्यूजिक सिस्टम बजाकर वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई होगी. नो पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने नहीं दी जाएगी.

पढ़ें. New Year सेलिब्रेशन से पहले ही जयपुर 'हाउसफुल', इन पैकेजेस की बढ़ी डिमांड

रात 2 बजे तक चालू रहेंगे ट्रैफिक सिग्नल : शहर के प्रमुख चौराहों के सिग्नल रात 2 बजे तक चालू रहेंगे. जरूरी होने पर रात 2 बजे तक शहर में भारी वाहनों का प्रवेश निषेध रहेगा. जेएलएन मार्ग पर वन वे व्यवस्था लागू की जाएगी. किसी भी आपातकालीन स्थिति में यातायात पुलिस की हेल्पलाइन-1095, 1041-2577717, वाट्सएप हेल्पलाइन-8764866972, यातायात नियंत्रण कक्ष के नंबर 2565630, 2561256 या पुलिस कंट्रोल रूम के डायल 100 पर सूचना देकर सहायता प्राप्त की जा सकती है.

मोती डूंगरी गणेश मंदिर में खास इंतजाम :

  1. टोंक रोड, भवानी सींग रोड से आने वाले श्रद्धालु सुबोध कॉलेज में वाहन खड़े करेंगे.
  2. जेएलएन मार्ग, शांति पथ, जवाहर नगर से आने वाले श्रद्धालु जेएलएन मार्ग की सर्विस लाइन पर गाड़ी पार्क करेंगे.
  3. आरोग्य पथ से गांधी सर्किल तक, पृथ्वीराज टी पॉइंट से रामबाग चौराहा तक नो पार्किंग होगी.
  4. त्रिमूर्ति सर्किल से राजापार्क चौराहा तक, रामबाग चौराहा से जेडीए चौराहे तक नो पार्किंग रहेगी.
  5. मंदिर के आसपास और परिसर में पुलिस जाप्ता तैनात रहेगा.
  6. वाहनों को सामानांतर मार्गों से डायवर्ट कर निकाला जाएगा.

पढ़ें. जयपुर में उमड़ रहे पर्यटकों के सैलाब के चलते कई जगह ट्रैफिक डायवर्ट और वन वे, ई-रिक्शा पर रोक

गोविंददेवजी मंदिर में यह होंगे इंतजाम

  1. परकोटे में हल्के मालवाहक वाहनों का प्रवेश निषेध रहेगा.
  2. श्रद्धालु चौगान स्टेडियम, जलेब चौक, जनता मार्केट, रामनिवास बाग पार्किंग में गाड़ी खड़ी कर सकते हैं.
  3. सार्दुल सिंह की नाल से आतिश मार्केट, सिटी पैलेस, जलेब चौक तक वाहन नहीं आ सकेंगे.
  4. काळा हनुमानजी मंदिर की तरफ से आने वाले लोग झूलेलाल मंदिर के पास वाहन खड़े कर सकेंगे.
  5. ब्रह्मपुरी से आने वाले लोग पौंड्रिक उद्यान के सामने गाड़ियां खड़ी कर सकेंगे.
  6. गणगौरी बाजार, चौगान चौराहा से आने वाले लोग चौगान स्टेडियम की पार्किंग का प्रयोग कर सकते हैं.
  7. चारदीवारी में संचालित होने वाली बस और मिनी बसों का प्रवेश निषेध रहेगा. ये सामानांतर मार्गों से चलेंगी.

भीलवाड़ा में भी पुलिस तैनात : भीलवाड़ा एसपी धर्मेंद्र सिंह ने नववर्ष को लेकर शुभकामनाएं दी. साथ ही आमजन से आह्वान किया कि नशे से दूर रहकर सरकार की गाइडलाइन के अनुसार नई ऊर्जा के साथ नए वर्ष की शुरुआत करें. बुधवार रात्रि 12 बजे नव वर्ष के स्वागत के दौरान भीलवाड़ा जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था सशक्त रहे, इसके लिए भीलवाड़ा जिला कलेक्टर ने कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं. शराब पीकर जो भी हुड़दंग या उत्पात मचाएगा, उसके खिलाफ सख्त कारवाई की जाएगी.

जैसलमेर में भी पुलिस सतर्क, गाड़ियों की चेकिंग
जैसलमेर में भी पुलिस सतर्क, गाड़ियों की चेकिंग (ETV Bharat Jaisalmer)

जैसलमेर में भी पुलिस सतर्क : नववर्ष के आगमन को लेकर जैसलमेर जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. जैसलमेर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे के निर्देशन में जिले में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. सदर थानाधिकारी प्रेमदान ने बताया कि नववर्ष की पूर्व संध्या पर बाहरी जिलों और राज्यों से आने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है. जिले की सीमाओं और शहर के प्रवेश मार्गों पर नाकाबंदी कर हर वाहन की तलाशी ली जा रही है. संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और सामान की गहन जांच की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को पहले ही रोका जा सके.

पुलिस की ओर से शराब पीकर वाहन चलाने, हुड़दंग और तेज आवाज में संगीत बजाने वालों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है. रात्रि गश्त बढ़ाने के अलावा संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी. भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस पेट्रोलिंग, नाकाबंदी और त्वरित प्रतिक्रिया दल सक्रिय रहेंगे. जैसलमेर पुलिस ने पर्यटकों से अपील की है कि वे बुकिंग से पूर्व आधिकारिक वेबसाइट्स और प्रमाणित माध्यमों का ही उपयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत साझा करें. सहायता के लिए ट्यूरिस्ट हेल्प डेस्क नंबर 7240252526 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है.

Last Updated : December 31, 2025 at 1:05 PM IST