ETV Bharat / state

गैंगस्टर्स के मुखबिर तंत्र पर पुलिस का एक्शन, बदमाशों को जानकारी देने वालों पर कसा जा रहा शिकंजा

शेखावाटी इलाके में लॉरेंस विश्नोई-रोहित गोदारा गैंग से जुड़े बदमाशों पर पुलिस कर रही कड़ी कार्रवाई.

आईजी कार्यालय.
आईजी कार्यालय. (ETV Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 25, 2026 at 11:32 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर : राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में रोहित गोदारा और लॉरेंस विश्नोई गैंग से जुड़े बदमाश विदेश से कॉल कर लोगों को रंगदारी के लिए धमका रहे हैं. इस बीच जयपुर रेंज में गैंगस्टर्स के मुखबिर तंत्र पर पुलिस ने शिकंजा कसा है. गैंग से जुड़े बदमाशों के साथ ही गैंग के अपराधियों को लोगों की जानकारी साझा करने वाले लोगों पर भी पुलिस शिकंजा कस रही है. गैंगस्टर्स को धमकीभरे कॉल करने के लिए लोगों के मोबाइल नंबर और अन्य जानकारी मुहैया करवाने वालों को भी अपराध में बराबर का भागीदार मानकर कार्रवाई की गई है. ऐसे लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 111 के तहत मुकदमे दर्ज कर गिरफ्तारी की जा रही है. ताकि उन्हें आसानी से जमानत नहीं मिले.

जयपुर रेंज आईजी एचजीआर सुहासा ने बताया कि नए आपराधिक कानून में संगठित अपराध को नए सिरे से परिभाषित किया गया है. बीएनएस की धारा 111 एक प्रभावशाली धारा है, जिसका इस्तेमाल संगठित अपराध और गैंगस्टर्स पर शिकंजा कसने के लिए किया जा रहा है. शेखावाटी में अलग-अलग गैंग से जुड़े बदमाशों पर बीएनएस की धारा 111 के तहत कुछ कार्रवाई की गई है.

जयपुर रेंज आईजी एचजीआर सुहासा (ETV Bharat Jaipur)

पढ़ें. कांग्रेस नेता मनीष लोढ़ा को गैंगस्टर रोहित गोदारा की धमकी, घर तैनात हुआ गनमैन

कटेवा और भदवासी गैंग पर एक्शन : उनका कहना है कि पिछले दिनों झुंझुनू में फायरिंग की घटना को लेकर दो गैंग के खिलाफ एक्शन लिया गया है. इसमें रविंद्र कटेवा गैंग और श्रवण भदवासी गैंग के खिलाफ बीएनएस की धारा 111 में कार्रवाई की गई है. दोनों गैंगस्टर अभी जेल में हैं. इनकी जमानत नहीं हुई है. इनकी गैंग के कई बदमाश भी अभी जेल में हैं. इसी तरह शेखावाटी की अन्य गैंग पर भी कार्रवाई की जा रही है.

लॉरेंस-रोहित गैंग के बदमाश दबोचे या भागे : उन्होंने कहा कि लॉरेंस विश्नोई और रोहित गोदारा की गैंग से जुड़े जयपुर रेंज में आने वाले बदमाश या तो जेल में हैं या फिर बाहर फरार हो गए हैं. इन दोनों गैंग के बड़े गैंगस्टर्स को काबू करने के लिए राजस्थान पुलिस प्रयास कर रही है. दोनों गैंग से जुड़े गैंगस्टर्स को विदेशों से वापस लाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं. दोनों गैंग से जुड़े गैंगस्टर्स के खिलाफ जयपुर रेंज में जितने भी मुकदमें हैं. आने वाले समय में सख्त से सख्त कार्रवाई होगी.

पढ़ें. रोहित गोदारा गैंग की भाजपा नेता को रंगदारी की धमकी देने के विरोध में कुचामन बंद, रैली निकाली

नीमकाथाना में की गई कार्रवाई : आईजी सुहासा का कहना है कि जो लोग इन गैंग के लिए मुखबिरी करते हैं या सोशल मीडिया पर अपराधियों का महिमा मंडन करते हैं, उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जा रही है. नीमकाथाना में पिछले दिनों एक कार्रवाई की गई है, जिनमें अपराधियों के लिए मुखबिरी करने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की गई है. इस मामले में कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इन लोगों पर भी संगठित अपराध की धारा 111 के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं.

आसपास के लोग गैंगस्टर्स को देते हैं जानकारी : उनका कहना है कि रंगदारी के लिए धमकीभरे कॉल आने के मुकदमों की जांच में सामने आया कि आसपास के लोग ही अपराधियों को जानकारी साझा कर रहे हैं. ऐसे लोगों के खिलाफ भी मजबूती से कार्रवाई की जा रही है. उन्हें भी उस अपराध में उतना ही भागीदार माना गया है, जितना धमकीभरा कॉल कर रंगदारी मांगने वाले को माना गया है. इस बात को सबूत के साथ मुकदमे में प्रमाणित किया गया है. आज की बात करें तो सीकर और झुंझुनू में गैंग से जुड़े अपराध काफी कम हुए हैं.