जयपुर नगर निगम चुनाव: कांग्रेस के शहर प्रभारी बोहरा बोले- जयपुर में कांग्रेस का बोर्ड बनेगा और युवा मेयर होगा
बोहरा ने कहा कि सरकार ने जनप्रतिनिधियों को हटाकर उनकी जगह ब्यूरोक्रेट्स को बैठा दिया था, जिन्होंने निकायों में जमकर भ्रष्टाचार किया.

Published : August 27, 2026 at 8:10 PM IST
जयपुर: नगर निगम के 150 वार्डों के चुनाव के मद्देनजर जयपुर शहर कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर कमेटी में चार विधानसभा क्षेत्रों में प्रत्याशियों के नाम पर सर्वसम्मति बन गई है, जबकि चार क्षेत्रों में 50 प्रतिशत से ज्यादा होमवर्क हो चुका है.
जयपुर शहर कांग्रेस के प्रभारी और विधायक रोहित बोहरा ने गुरुवार शाम ईटीवी भारत से बातचीत में कहा कि प्रत्याशी चयन की ज्यादातर एक्सरसाइज पूरी हो चुकी है. हवा महल, सिविल लाइंस, किशनपोल और आदर्श नगर में नामों पर सहमति बन गई है. शेष सीटों पर कमेटी की बैठक में मंथन किया गया है और जल्द सर्वसम्मति से फैसला लेंगे. प्रत्याशियों की घोषणा 30 अगस्त तक कर दी जाएगी.
जयपुर में कांग्रेस का बोर्ड बनेगा: बोहरा ने दावा किया कि किसी सीट पर विवाद नहीं है. सभी नेता मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं और इस बार नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड बनेगा, इसमें अतिशयोक्ति नहीं है. लोग भाजपा के शासन से त्रस्त हैं. सरकार के पास पैसा नहीं है, कोई काम नहीं हो रहा. जनप्रतिनिधियों को हटाकर ब्यूरोक्रेट्स को बैठा दिया था, जिन्होंने जमकर भ्रष्टाचार किया. इस बार कांग्रेस का बोर्ड बनेगा और जयपुर को युवा महापौर मिलेगा.
प्रत्याशियों के चयन पर मंथन: इससे पहले बोहरा के आवास पर हुई पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक में दावेदारों के नाम पर मंथन कर तीन-तीन नामों के पैनल तैयार किए गए. बैठक में विधायक रफीक खान, अमीन कागजी, पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास और शहर अध्यक्ष सुनील शर्मा मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: जयपुर नगर निगम चुनाव : 'आप' की पहली सूची जारी, 11 प्रत्याशियों की घोषणा
पहले 28 अगस्त को होनी थी घोषणा: नगर निगम वार्डों के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों की घोषणा पहले रक्षाबंधन पर 28 अगस्त को होनी थी. शहर अध्यक्ष सुनील शर्मा ने इसका दावा किया था, लेकिन कमेटी की बैठक में अब 30 अगस्त को घोषणा करने का निर्णय लिया गया है.
कुचामनसिटी में चुनावी तैयारियां तेज: 9 और 11 सितंबर को होने वाले नगर निकाय चुनाव को लेकर डीडवाना-कुचामन जिला निर्वाचन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं. निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुरक्षित मतदान के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी अवधेश मीणा और एसपी डॉ. प्यारे लाल शिवरान ने डीडवाना और कुचामन नगर परिषद के संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भीड़भाड़ वाले इलाकों के मतदान केंद्रों का जायजा लिया. मतदाताओं की आवाजाही, सुरक्षा, प्रवेश-निकास व्यवस्था और संभावित भीड़ नियंत्रण की तैयारियों की जानकारी ली. इस दौरान कुचामन तहसीलदार रामेश्वर सहारण और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह नेहरा सहित अधिकारी मौजूद रहे. कलेक्टर और एसपी ने मतदान दिवस पर व्यवस्थाएं सुचारू रखने के निर्देश दिए.

